Logo
हरियाणा के जींद में एक विवाहिता की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। ससुराल पक्ष ने जहां फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या करने की बात कही, वहीं मायका पक्ष ने दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया। पुलिस मामले में जांच पड़ताल कर रही है।

Jind: ओम नगर में संदिग्ध हालत में महिला की मौत हो गई। ससुराल पक्ष का कहना है कि महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है। वहीं मृतका के मायका पक्ष का कहना है कि दहेज की डिमांड पूरी न होने पर योजनाबद्ध तरीके से उनकी बेटी की हत्या की गई है। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। शहर थाना पुलिस ने मृतका के पिता की शिकायत पर पति समेत तीन लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

गले पर रस्सी का निशान, नीचे रखा था महिला का शव

ओमनगर निवासी विनित की पत्नी रेणू की मंगलवार देर शाम को संदिग्ध हालात में मौत हो गई। घटना की सूचना पाकर शहर थाना पुलिस तथा मायका पक्ष के लोग मौके पर पहुंच गए और हालातों का जायजा लिया। मृतका के गले में रस्सी का निशान था और शव नीचे रखा हुआ था। ससुराल पक्ष का कहना है कि रेणु ने फांसी लगाई है। जब तक उसे फंदे से नीचे उतारा जाता, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मृतका के पिता शिव कालोनी सफीदों निवासी नरेश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी बेटी रेणू की शादी लगभग दो साल पहले ओमनगर निवासी विनित के साथ हुई थी। शादी के बाद से ससुरालजन उसकी बेटी को दहेज को लेकर प्रताड़ित कर रहे थे। इस दौरान रेणू ने बेटी को भी जन्म दिया। रेणू को तंग करने को लेकर घरेलू स्तर पर पंचायत भी हुई। दोबारा गलती न करने के लिए आरोपितों ने दोहराया। बावजूद इसके ससुरालजन हरकतों से बाज नहीं आए। दहेज की डिमांड पूरी न होने पर ससुरालजनों ने उसकी बेटी की योजनाबद्ध तरीके से हत्या की है।

पुलिस ने पति सहित 3 लोगों के खिलाफ किया केस दर्ज

शहर थाना पुलिस ने मृतका के पिता नरेश की शिकायत पर मृतका के पति विनित, ससुर जयपाल तथा सास के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज किया है। शहर थाना के जांच अधिकारी चंद्रपाल ने बताया कि मृतका के पिता ने आरोप लगाते हुए शिकायत दी थी। फिलहाल मृतका के पति समेत तीन लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जल्द आरोपियों से पूछताछ की जाएगी। मृतका का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है।

5379487