Logo
हरियाणा के कुरुक्षेत्र में जोहड़ में डूबने से 2 बच्चों की मौत हो गई। दोनों बच्चे खेलने के लिए घर से निकले थे जो जाेहड़ में नहाने के लिए कूद गए और पानी में डूब गए। गोताखोरों की मदद से दोनों के शवों को बाहर निकाला गया। पुलिस मामले में जांच कर रही है।

कुरुक्षेत्र/शाहबाद: गांव खरींडवा में जोहड़ में डूबने से 2 बच्चों की मौत हो गई। दोनों बच्चे दोपहर करीब 12:30 बजे घर से खेलने के लिए निकले थे, लेकिन जब वह दोपहर 2:30 बजे तक घर वापिस नहीं आए तो दोनों के परिवार चिंता में आए। जब जोहड़ के किनारे दोनों बच्चों के कपडे पड़े दिखाई दिए, तो यह साफ़ हो गया कि दोनों नहाने के लिए जोहड़ में कूदे है। तत्पश्चात तलाश शुरू की गई और कड़ी मशक्क्त के बाद शाम करीब 4:30 बजे दोनों के शव जोहड़ के अंदर से बरामद हुए। सूचना शाहाबाद थाना पुलिस को दी। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की। दोनों के शव मिलने के बाद गांव में मातम छा गया।

नहाने के लिए जोहड़ में कूद थे बच्चे

जानकारी अनुसार 11 वर्षीय चेतन और 11 वर्षीय मनप्रीत उर्फ़ मयंक राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय खरींडवा में चौथी क्लास के छात्र थे। स्कूल में अवकाश के चलते दोनों रोजाना घर से इकट्ठे खेलने के लिए निकलते थे और वीरवार को भी दोपहर करीब 12:30 बजे दोनों अपने-अपने घरों से इकट्ठे खेलने के लिए निकले। जब दोनों दोपहर 2:30 बजे तक खाना खाने के लिए घर वापिस नहीं आए, तो परिवारों को बच्चों की चिंता सताने लगी। जब परिवारों ने दोनों की तलाश शुरू की तो दोनों के कपडे जोहड़ के किनारे पड़े दिखाई दिए। दोनों बच्चों के पिता निर्मल सिंह और सतीश कुमार जोहड़ किनारे ग्रामीणों के साथ पहुंचे। अंदाजा लगाया गया कि दोनों नहाने के लिए जोहड़ में कूदे और डूब गए।

गांव के ही तैराकों ने निकाले बच्चों के शव

जोहड़ में बच्चों के डूबने की बात पूरे गांव में फैल गई। गांव के ही तीन तैराक युवकों को मौके पर बुलाया गया। दोपहर करीब 3:30 बजे तैराकों ने जोहड़ में बच्चों की तलाश करना शुरू किया। करीब 50 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद दोनों बच्चों के शव जोहड़ से बरामद किए गए। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों बच्चों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बच्चों की मौत के बाद पूरे गांव में सन्नाटा पसर गया। वहीं, ग्रामीण पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाते नजर आए।

jindal steel hbm ad
5379487