Logo
हरियाणा के हिसार में बेटी के जन्मदिन पर उसके पिता सुनील जागलान ने वाहन चालकों को पीरियड स्माइल किट वितरित की। करीब 500 गाड़ी चालकों को किट देकर जागरूक किया।

Hisar: राष्ट्रीय बालिका दिवस व सेल्फी विद डॉटर गर्ल नंदिनी जागलान के जन्मदिन के अवसर पर पिता सुनील जागलान ने अनोखी पहल की। सेल्फी विद डॉटर फाउंडेशन के संस्थापक सुनील जागलान ने हरियाणा के कई जिलों में विशेष अभियान चलाकर गाड़ी चालकों को पीरियड स्माइल किट वितरित की। करीब 500 गाड़ी चालकों को यह किट दी गई। इस किट में महिलाओं को पीरियड के दौरान इस्तेमाल होने वाले पैड सहित अन्य सामान उपलब्ध हैं। किट को पाकर वाहन चालक भी काफी खुश नजर आए और इस अनोखे अभियान में साथ देने का आश्वासन दिया।

मासिक धर्म एक कुदरती प्रक्रिया 

सुनील जागलान ने बताया कि महिलाओं में मासिक धर्म एक कुदरती प्रक्रिया है। कोई महिला अगर किसी वाहन अथवा कैब आदि में सफर कर रही है और उसे वहां पर पीरियड हो जाते हैं तो ऐसे में यह पीरियड स्माइल किट उनके लिए काफी लाभदायक सिद्ध हो सकती है। सेल्फी विद डॉटर गर्ल नंदिनी जागलान द्वारा हाल ही में फस्ट पीरियड स्माइल अभियान लांच किया गया था, जिसके तहत स्कूलों में पांचवी, छठी, सातवीं की बच्चियों को जागरूक करने के लिए लड़कियों के शौचालयों में पोस्टर लगाकर उन्हें बताया था कि पहली बार पीरियड होने पर पैड का किस तरह से इस्तेमाल करें।

पीरियड किट को सरकार करे जरूरी 

नंदिनी जागलान के अनुसार जिस तरह से सरकार द्वारा गाड़ियों अथवा सार्वजनिक वाहनों में फस्ट एड किट को जरूरी किया गया है, उसी तरह पीरियड किट को भी अनिवार्य किया जाए। यह महिलाओं की सुरक्षा के लिए अति जरूरी कदम है। पीरियड किट लेने के बाद गाड़ी चालक नरेश ने कहा कि यह उसके लिए अनोखा एवं आश्चर्यचकित करने वाला ऐसा अभियान है जो महिलाओं के गौरव से जुड़ा हुआ है। वह इस अभियान का हिस्सा बने है। इससे महिलाएं सफर करते समय सुखद महसूस करेंगी।

5379487