Logo
हरियाणा में मौसम के अंदर उतार चढ़ाव देखने को मिल रहा है। दोपहर बाद आसमान में छाए बादलों के कारण बरसात के आसार बने। वहीं, अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई।

Haryana: सोमवार को मौसम में दिनभर उतार-चढ़ाव बना रहा। दोपहर तक बादलों तथा सूर्य के बीच लुकाछिपी चली तो बाद में गहरे बादल छा गए, जिसके चलते बूंदाबांदी के आसार भी बने रहे। बादलों के छाने से अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। हवा की गति भी मंद बनी रही। सोमवार को अधिकतम तापमान 21 डिग्री तो न्यूनतम तापमान आठ डिग्री तक दर्ज किया गया। मौसम में आद्रता 45 प्रतिशत तथा हवा की गति पांच किलोमीटर दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटो के दौरान आंशिक बादलवाई देखने को मिलेगी। मौसम शुष्क बना रहेगा।

दो डिग्री लुढका अधिकतम तापमान, आकाश में छाए बादल

सोमवार को दिन का आगाज बादलों के बीच झांकते सूर्य के साथ हुआ। दोपहर तक लुकाछिपी का दौर चलता रहा। बाद में बादल गहरे हो गए और बूंदाबांदी के आसार बन गए। जिसके चलते अधिकतम तापमान में दो डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। मौसम में ठंड साफ महसूस होती रही। हालांकि न्यूनतम तापमान में मामूली इजाफा दर्ज किया गया। बावजूद इसके ठंड का अहसास लगातार होता रहा।

तापमान में गिरावट फसलों के लिए फायदेमंद, बारिश की दरकार 

तापमान में गिरावट को फसलों के लिए फायदेमंद माना जा रहा है। पिछले कुछ दिनों से तापमान में इजाफा हो रहा है। धूप भी अच्छी खिल रही है। जिसका फायदा फसलों को मिल रहा है। हालांकि इस बार सर्दी सीजन में बहुत कम बारिश हुई है। किसानों को अच्छी बारिश की दरकार है। अच्छी बारिश होती है, तो फसलों को अच्छा फायदा पहुंचेगा।

बादलवाई के साथ मौसम बना रहेगा शुष्क 

पांडू पिंडारा कृषि विज्ञान केंद्र के मौसम वैज्ञानिक डॉ. राजेश ने बताया कि मौसम फसलों की ग्रोथ के अनुकूल है। धीरे-धीरे तापमान में इजाफा फसलों के लिए फायदेमद है। तापमान में भी इजाफा होगा। आकाश में मंगलवार को आंशिक बादलवाई दिखाई देगी। आगे मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

5379487