Logo
हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम में परिवर्तन देखने को मिला। कुछ स्थानों पर तूफानी हवाओं के साथ हल्की बरसात भी देखने को मिली, जिससे मौसम में ठंडक घुल गई। एक सप्ताह तक मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा।

Haryana: किसानों की चिंता एक बार फिर उस समय बढ़ गई, जब चंद मिनटों के लिए तूफानी हवा के साथ हल्की बारिश हो गई। आसमान में बादल गहराने से किसानों को ओलावृष्टि की आशंका सताने लगी। लगभग एक सप्ताह तक मौसम में बार-बार बदलाव हो सकता है। दिन के तापमान में मामूली वृद्धि और रात के तापमान में कमी दर्ज की गई है। बुधवार को सुबह से ही आसमान साफ रहा। तेज धूप खिलने के बाद दोपहर तक मौसम गर्म बना रहा। दोपहर बाद अचानक तूफानी हवा चली। इसके बाद प्रदेश के कई भागों में चंद मिनट के लिए बरसात हुई। मौसम के इस बदलाव से किसानों की सांसें अटकी रही। तेज हवा के कारण किसानों को ओलावृष्टि की आशंका सताने लगी। चंद मिनटों के बाद बरसात बंद हो गई, लेकिन बाद में हल्की बूंदाबांदी होती रही।

पश्चिम विक्षोभ की सक्रियता के कारण बदला मौसम

मौसम विभाग के अनुसार पश्चिम विक्षोभ की एक बार फिर से सक्रियता के कारण मौसम में अचानक बदलाव आया है। लगभग एक सप्ताह तक मौसम इसी तरह किसानों की धड़कन बढ़ा सकता है। इस दौरान ओलावृष्टि की आशंका भी बनी रहेगी। किसान इस समय सरसों की पछेती फसल कटाई का कार्य कर रहे हैं। गेहूं अभी पकाव पर है। इस समय अगर तेज बरसात या ओलावृष्टि होती है, तो इससे किसानों को काफी नुकसान हो सकता है। अगेती सरसों की कटाई का कार्य पूरा होने के बाद कई किसान फसल निकालकर मंडियों तक पहुंचा चुके हैं। इस समय ओलावृष्टि से सबसे अधिक खतरा सरसों की पकी हुई फसल को है। सरसों की फलियां झड़ने से भारी नुकसान हो सकता है। शाम तक फुवारें गिरने के साथ तेज हवाओं के चलने का सिलसिला जारी रहा, जिससे मौसम का मिजाज ठंडा हो गया।

रात के तापमान में आई गिरावट

बुधवार को रात के तापमान में 2.5 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई। न्यूनतम तापमान 11.5 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। अधिकतम तापमान 1 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि के साथ 31.5 पर पहुंच गया। मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दो-तीन दिन में तापमान में वृद्धि दर्ज की जा सकती है। अगर मौसम में बदलाव के साथ बारिश होती है तो इससे तापमान में कमी आ सकती है। इस समय किसानों की नजरें आसमान पर टिकी हुई हैं। अगर कुछ दिन मौसम साफ रहता है तो सरसों की फसल कटाई का कार्य पूरा हो जाएगा।

5379487