Logo
हरियाणा में मौसम का मिजाज एक बार फिर गर्म होने के चलते मंगलवार को चली हीट वेव तथा भीषण गर्मी से जनजीवन अस्त व्यस्त रहा। भीषण गर्मी को देखते हुए मौसम विभाग ने दो दिन के लिए हीट वेव का अलर्ट जारी किया है।

Haryana: मौसम का मिजाज एक बार फिर गर्म होने के चलते मंगलवार को चली हीट वेव तथा भीषण गर्मी से जनजीवन अस्त व्यस्त रहा। भीषण गर्मी को देखते हुए मौसम विभाग ने दो दिन के लिए हीट वेव का अलर्ट जारी किया है। दिन भर लोगों को गर्म हवा के थपेडों ने बेहाल रखा। मंगलवार को अधिकतम तापमान 44.8 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 30.9 डिग्री दर्ज किया। जबकि मौसम में आद्रता 12 प्रतिशत तथा हवा की गति 16 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार अगले एक सप्ताह तक गर्मी से राहत मिलने के कोई आसार नहीं हैं। तापमान में इजाफा होगा। इस दौरान आंशिक बादलवाई भी आकाश में देखने को मिलेगी।

सूर्य ने उगली आग, जन जीवन हुआ अस्त व्यस्त

नौ तपा तपने के बाद एक बार फिर गर्मी के तेवर तीखे हो गए। मंगलवार को दिन का आगाज साफ मौसम तथा गर्म मिजाज के साथ हुआ। दिन चढ़ने के साथ हवा भी काफी गर्म हो गई। जो हीट वेव में तब्दील हो गई। दोपहर को सड़कें तथा बाजार सुनसान हो गए। बहुत कम लोग तथा वाहन सड़कों पर दिखाई दिए। भीषण गर्मी ने लोगों को घरों में दुबकने को मजबूर कर दिया। दिन ढलने पर कुछ गर्मी से राहत मिली।

तापमान पहुंचा 44 डिग्री पार, मंडराया हिट स्ट्रोक का खतरा

तापमान एक बार फिर 44 डिग्री पार जा रहा है। हीट वेव चलने से हिट स्ट्रोक का खतरा मडराने लगा है। चिकित्सकों ने लोगों को सलाह दी कि भीषण गर्मी को देखते हुए दिन में घर से बाहर न निकलें। जरूरी होने पर कपड़ा ढांप कर घर से बाहर जाएं। ज्यादा से ज्यादा स्वच्छ पेय पदार्थों का सेवन करें। वहीं कृषि विशेषज्ञों ने भी किसानों को रात को फसलों की सिंचाई करने की सलाह दी।

उफान पर होगा पारा, रातें भी होगी काफी गर्म

भीषण गर्मी को देखते हुए मौसम विभाग ने दो दिन का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। दिन के तापमान के साथ रात के तापमान में भी इजाफा होगा। हवा की गति तेज तथा गर्म रहेगी। इस दौरान दिन का तापमान 44 से 46 डिग्री के बीच बना रहेगा। जबकि रात्रि तापमान 30 से 34 डिग्री बने रहने की संभावना है। हवा की गति भी 18 से 24 किलोमीटर प्रति घंटा रहने की संभावना है। एक सप्ताह तक मौसम शुष्क बना रहेगा। भीषण गर्मी का भी सामना करना पडे़गा। फिलहाल गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं है।

हरियाणा में हीट वेव का अलर्ट जारी

राजकीय महाविद्यालय नारनौल के पर्यावरण क्लब के नोडल अधिकारी डॉ. चंद्र मोहन के अनुसार एक बार फिर से सिंध बलुचिस्तान और थार मरुस्थल से सीधी पश्चिमी शुष्क गर्म हवाओं का रूख सम्पूर्ण मैदानी राज्यों पंजाब, राजस्थान, हरियाणा, एनसीआर दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, उड़ीसा, पश्चिम बंगाल तक सभी राज्यों पर हो गया है। इसकी वजह से भारतीय मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड पर रेड अलर्ट जबकि पंजाब, हरियाणा, एनसीआर दिल्ली, उड़ीसा, पश्चिम बंगाल पर आरेंज अलर्ट जारी कर दिया है। साथ ही साथ सम्पूर्ण इलाके में सुबह से शाम तक सूर्य की तीखी और आग उगलने वाली किरणों से व हल्की धरातलीय हवाओं से सम्पूर्ण इलाके पर भीषण गर्मी तथा गंभीर हीट वेव लूं अपने तेवरों को रौद्र रूप अख्तियार करने लगी हैं। दिन और रात का पारा चढ़ने लगा है।

अंधड़ व आंशिक बादलवाही देखने को मिलेगी

मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि मानसून के हरियाणा एनसीआर दिल्ली में आने में अभी एक पखवाड़े से अधिक का समय है। साथ ही अभी बंगाल की खाड़ी पर भी कोई हलचल नहीं है, यानी हरियाणा/एनसीआर दिल्ली को अभी मानसून का इंतजार करना पड़ेगा। भीषण गर्मी व गंभीर हीट वेव का शायद इस सीजन का यह आखिरी दौर रहेगा। हरियाणा एनसीआर दिल्ली में अधिकतर स्थानों पर दिन का तापमान 42.0 से 45.9 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया, जबकि हरियाणा एनसीआर दिल्ली में अधिकतर स्थानों पर रात्रि तापमान 25.0 से 31.0 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।

5379487