Logo
प्रदेश में शुक्रवार को तेज धूप निकलने से जनजीवन बहाल हो रहा है। पिछले एक-दो दिन में बदले मौसम से दिन के तापमान में बढ़ोतरी हुई, जबकि रात के तापमान में ओर गिरावट आई है।

Haryana: प्रदेश में शुक्रवार को तेज धूप निकलने से जनजीवन बहाल हो रहा है। पिछले एक-दो दिन में बदले मौसम से दिन के तापमान में बढ़ोतरी हुई, जबकि रात के तापमान में ओर गिरावट आई है। वीरवार को धूप के साथ 30 किलोमीटर की रफ्तार से हवाएं चली तो धूप का असर कम दिखा लेकिन शुक्रवार को मौसम की सबसे तेज धूप निकली। मौसम विभाग के अनुसार 14 फरवरी तक मौसम खुश्क रहेगा। इसके बाद बादल छाए रहने की संभावना है। यह मौसम गेहूं व सरसों की फसल के लिए वरदान माना जा रहा है।

कुछ खुले मैदानी क्षेत्रों में देखने को मिली हल्की धुंध

हिसार, सिरसा, फतेहाबाद में शुक्रवार को अलसुबह हल्की धुंध कुछ खुले मैदानी इलाकों में देखने को मिली। वहीं, शहरों में दिन व रात के समय आसमान पूरी तरह से साफ रहा। दिन चढ़ने के साथ अच्छी धूप खिली रही। प्रदेश में दो दिनों में तापमान में काफी सुधार हुआ है। हालांकि पहाड़ों पर हिमपात होने के कारण वीरवार को यहां शीत लहर चलती रही, जिससे दिन के तापमान में बढ़ोतरी व न्यूनतम तापमान में कमी दर्ज की गई। शुक्रवार को यहां का अधिकतम तापमान 23 डिग्री व न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान इस मौसम का सबसे ज्यादा बताया जा रहा है।

14 फरवरी तक मौसम रहेगा खुश्क

एचएयू हिसार के मौसम विभाग के अनुसार 14 फरवरी तक मौसम खुश्क रहने की संभावना है। इस दौरान राज्य में बीच-बीच में शीत लहर चल सकती है, जिससे दिन के तापमान में बढ़ोतरी व रात्रि तापमान में गिरावट आ सकती है। कुछ क्षेत्रों में अलसुबह धुंध छाई रहेगी। पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से बीच-बीच में बादल छाए रहेंगे।

तेज धूप व रात की ठंड फसलों के लिए संजीवनी

कृषि विभाग टोहाना के एसडीओ मुकेश महला के अनुसार दिन में तेज धूप व रात को ठंड से गेहूं व सरसों को संजीवनी मिल रही है। यह धूप गेहूं की बढ़वार के लिए काफी फायदेमंद है। इससे कोहरे व धुंध में गेहूं की फसल में आया पीलापन खत्म हो रहा है और गेहूं की ग्रोथ बढ़ रही है। अगर ऐसे ही मौसम रहा तो इस बार गेहूं का बम्पर उत्पादन होगा। उन्होंने किसानों को सलाह दी कि वह नमी के अनुसार अपनी फसलों में सिंचाई करें।

5379487