Logo
हरियाणा के नारनौल में बीती रात को एक विवाहिता ने घर में ही पंखे से फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। मृतका के मायका पक्ष के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या करने का आरोप लगाया, जिस पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी।

Narnaul: नजदीकी गांव पटीकरा में बीती रात को एक विवाहिता ने घर में ही पंखे से फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। मृतका के मायका पक्ष के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या करने का आरोप लगाया, जिस पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी। मृतका अपने पीछे पांच साल की बेटी छोड़ गई। फिलहाल पुलिस ने ससुराल पक्ष के आरोपितों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज करने के उपरांत शव का पोस्टमार्टम करा उसे परिजनों को सौंप दिया। पुलिस मामले में जांच कर रही है।

दहेज के लिए हत्या करने का लगाया आरोप

मृतका के पिता रामकिशन ने बताया कि 26 वर्षीय अंजू  की शादी कर्मबीर के साथ 2017 में हुई थी। वह रेवाड़ी जिला के गांव ततारपुर इस्तेमुरार का रहने वाले है। शादी में अपनी हैसियत अनुसार दान-दहेज दिया था, लेकिन शादी के बाद ही उसका दामाद, ससुर एवं सास तीनों ही दहेज के लिए तंग करने लगे। इस दौरान कई बार उन्होंने मारपीट भी की और उसे घर से बाहर भी निकाल दिया था। वह बार-बार पैसों एवं बाइक के लिए परेशान करते थे। दामाद उसकी लड़की को दो-तीन महीने तक लेने के लिए भी नहीं आता था। इस दौरान उसे काफी बार समझाया भी गया, लेकिन उसने अपनी आदत को नहीं सुधारा।

जन्मदिन ही बन गया महिला का मरणदिन

मृतका के पिता रामकिशन ने बताया कि दो जुलाई को उसकी लड़की का जन्मदिन था। तब लड़की को कई बार फोन किया, लेकिन उसने फोन नहीं उठाया। बाद में सांय करीब छह बजे घरवाली के पास फोन आया, तब उसका रो-रो कर बुरा हाल था। फिर दामाद को फोन किया और पूछा कि अंजू का क्या हाल है, तब उसने शाम के समय बताया कि अंजू तो खत्म हो गई। पूछा कि खत्म क्यों हो गई, उसे आप लोगों ने मार दिया होगा। उसे काफी दिनों से मारने के चक्कर में थे। यह बात घर जाकर भी बताई। अब संदेह है कि लड़की को मारा है तथा बाकी कार्रवाई वह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद करेगा। पुलिस ने ससुराल पक्ष के आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज करने उपरांत शव का नागरिक अस्पताल से पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया।

5379487