Logo
हरियाणा के रोहतक में महिला की अश्लील वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल करते हुए आरोपियों ने दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज करते हुए जांच शुरू की। पीड़िता ने पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए महिला आयोग को शिकायत दी है।

Rohtak: जिले के एक गांव में महिला की अश्लील वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल करते हुए आरोपियों ने दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। अश्लील वीडियो वायरल करने का डर दिखाकर करीब तीन माह तक आरोपी उसका यौन शोषण करते रहे। पीड़िता ने इसकी शिकायत पुलिस में दी, लेकिन केस दर्ज होने के बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पीड़िता दर-दर भटक रही है और महिला आयोग को भी शिकायत दी है।

शादियों में बर्तन धोने का काम करती है महिला

पीड़ित महिला ने बताया कि वह शादियों में बर्तन धोने का काम करती थी। 23 जनवरी को वह जिले के सुडाना गांव में आयोजित एक शादी समारोह में गई। उसके साथ गांव के 3 लोग भी गए थे। इनमें से एक ठेकेदार और 2 अन्य मजदूर थे। उसके साथ आई महिलाएं पहले आ गई थी, लेकिन उन्हें देर हो गई। इस पर तीनों लोगों ने कहा कि वे उसे अपने साथ ले जाएंगे। जिसके बाद रात करीब 2 बजे वे अपना काम खत्म करके घर के लिए चल दिए। घर लौटते समय आरोपियों ने उसके साथ झाड़ियों में ले जाकर दुष्कर्म किया और अश्लील वीडियो व फोटो खींच लिए। इसके बाद आरोपियों ने अश्लील वीडियो व फोटो दिखाकर ब्लैकमेल किया और बार-बार उसके साथ बलात्कार करते रहे। आरोपियों से तंग आकर उसने अपने पति को जानकारी दी, जिसके बाद मामले की शिकायत शिवाजी कॉलोनी थाने में दी गई। पुलिस ने 9 जून को अनिल, दीपक व सुमित के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की।

महिला आयोग की उपाध्यक्ष से मिली पीड़िता

पीड़िता ने कहा कि अब पुलिस इस मामले में उचित कार्रवाई नहीं कर रही। एक आरोपी को ही गिरफ्तार किया गया है, जबकि मामले में दो अन्य आरोपी अभी भी फरार चल रहे हैं। इसलिए पीड़िता रोहतक के महिला थाने में पहुंची और हरियाणा राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष सोनिया अग्रवाल से मुलाकात की। सोनिया अग्रवाल ने पीड़िता की सुनवाई के बाद पुलिस को निर्देश दिए कि सप्ताह भर में सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए।

5379487