Logo
हरियाणा के यमुनानगर में एक युवक को अमेरिका भेजने के नाम पर 2 लोगों ने 25 लाख रुपए ठग लिए। आरोपियों ने युवक को पुर्तगाल में रोके रखा और उसके परिजनों से पैसों की मांग की। पुलिस ने पीड़ित के परिजनों की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

Yamunanagar: गांव मानकपुर निवासी सुखबीर सिंह को अमेरिका भेजने के नाम पर आरोपियों ने 25 लाख रुपए की ठगी कर ली। आरोप पंजाब के मलेर कोटला के गांव जब्बोमाजरा निवासी जसजीत सिंह व गुरूरामदास नगर निवासी नवजीत सिंह पर लगा है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर दोनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस मामले में दोनों आरोपियों की तलाश कर रही है।

रोजगार के लिए सुखबीर जाना था विदेश

जानकारी के अनुसार गांव मानकपुर निवासी रमेश चंद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपने लड़के सुखबीर सिंह को रोजगार के लिए विदेश भेजना चाहता था। इस दौरान उसकी मुलाकात पंजाब के मलेर कोटला के गांव जब्बोमाजरा निवासी जसजीत सिंह व गुरूरामदास नगर निवासी नवजीत सिंह के साथ हुई। आरोपियों ने उसे कहा कि वह उसके लड़के को एक नंबर में अमेरिका भेज देंगे। इसके लिए 40 लाख रुपए का खर्च आएगा। वह आरोपियों की बातों में आ गया। आरोपियों ने उससे 10 लाख रुपए, पासपोर्ट व अन्य दस्तावेज ले लिए। इसके बाद आरोपियों ने अलग-अलग करके उससे 25 लाख रुपए ले लिए। आरोपियों ने उसके लड़के को दुबई के रास्ते अमेरिका भेजने का आश्वासन दिया।

पुर्तगाल में सुखबीर को रोक कर रखा

पीड़ित रमेश ने बताया कि पांच माह बाद उसके लड़के का फोन आया कि आरोपियों ने उसे अभी तक अमेरिका नहीं भेजा है। उसे पुर्तगाल में ही रोका हुआ है। आरोपी उसे डोंकी के रास्ते अमेरिका भेजना चाहते हैं। लड़के की बात सुनकर उसने आरोपियों से बात की। मगर आरोपियों ने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। आरोपी उल्टा उसके पास उसके लड़के की अश्लील तस्वीरें भेजने लगे और उससे पैसों की मांग करने लगे। परेशान होकर उसने आरोपियों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दी। पुलिस ने मामले की जांच के बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।

5379487