Logo
हरियाणा के यमुनानगर में प्रेम विवाह करने वाली महिला ने ससुरालियों की प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। पुलिस ने महिला के परिजनों की शिकायत पर सुसराल पक्ष के लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

Yamunanagar: प्रेम विवाह के बाद पति के लापता होने व ससुरालियों की प्रताड़ना से तंग आकर हुडा 17 निवासी महिला ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। महिला को गंभीर हालत में अस्पताल में दाखिल कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने महिला के परिजनों की शिकायत पर सुसराल पक्ष के लोगों पर केस दर्ज किया। परिजनों ने आरोप लगाया कि महिला ने पति व ससुरालियों के विरुद्ध पुलिस को शिकायत दी थी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। जिस वजह से वह परेशान चल रही थी।

2023 में महिला ने किया था प्रेम विवाह

जानकारी के अनुसार जून 2023 में महिला ने तेजली निवासी साहिल के साथ प्रेम विवाह किया। कुछ दिन तक वह दोनों किराए के मकान में रहे। दस जनवरी को साहिल घर से काम पर जाने के लिए निकला। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। महिला ने उसका नंबर भी मिलाया, लेकिन वह बंद आता रहा। जब वह ससुराल में पति साहिल के बारे में पता करने के लिए गई तो उसे घर में घुसने नहीं दिया। आरोप है कि देवर ने जान से मारने की धमकी दी थी, जिसके बाद महिला मायके में रह रही थी।

ससुरालियों पर प्रताड़ित करने का आरोप

महिला के पिता विजय कुमार ने बताया कि आरोपी साहिल रेलवे रोड स्थित कावेरी होटल में नौकरी करता है। आरोपी ने उनकी बेटी को प्रेम जाल में फंसा लिया। जब उस पर शादी का दबाव बनाया तो उसने इंकार कर दिया, जिसके बाद पुलिस को शिकायत दी गई। उस समय पुलिस ने आरोपी पर केस दर्ज किया। बाद में जांच अधिकारी ने दबाव बनाकर समझौता करा दिया, जिस पर आरोपी साहिल शादी करने को तैयार हो गया। उसने जून 2023 में बेटी से प्रेम विवाह कर लिया। इसके बावजूद साहिल की मां ने उन्हें अपने साथ रखने से इंकार कर दिया और वह उनकी बेटी को प्रताड़ित करने लगे। उसे घर में भी नहीं घुसने दिया। पुलिस मामले में जांच कर रही है।

5379487