Logo
हरियाणा के यमुनानगर में स्पेन भेजने के नाम पर जगाधरी की विश्वकर्मा कॉलोनी निवासी विशाल कुमार और कोतरखाना निवासी रजत से सात लाख 62 हजार रुपए ठग लिए। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

Yamunanagar: स्पेन भेजने के नाम पर जगाधरी की विश्वकर्मा कॉलोनी निवासी विशाल कुमार और कोतरखाना निवासी रजत से सात लाख 62 हजार रुपए ठग लिए। आरोप पंजाब के डेराबस्सी के माडल टाउन निवासी अमित पाल व उसके साथियों पर लगा है। सेक्टर 17 थाना पुलिस ने आरोपी अमित व उसके साथियों के खिलाफ धोखाधड़ी व इमीग्रेशन एक्ट के तहत केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस मामले में आरोपियों की तलाश कर रही है।

राम भरोसे ढाबा जगाधरी में आरोपी से मिला था पीड़ित

जानकारी अनुसार विश्वकर्मा कॉलोनी निवासी विशाल व रजत कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्हें अपने एक दोस्त के माध्यम से पता चला था कि आरोपी अमित पाल विदेश भेजने का काम करता है। बीती 27 जून को वे आरोपी अमित पाल से राम भरोसे ढाबा जगाधरी में मिले। तब आरोपी ने उन्हें स्पेन भिजवाने का झांसा दिया। उसकी बातों में आकर वे दोनों स्पेन जाने को तैयार हो गए। आरोपी ने दोनों से 12 लाख रुपए मांगे। इसमें विशाल कुमार ने अलग-अलग कर आरोपी को ढाई लाख रुपए दिए। जबकि रजत ने पांच लाख 12 हजार रुपए दिए। 12 नवंबर 2023 को उनके पास आरोपी का फोन आया कि उनकी टिकट हो चुकी है।

आरोपी के साथ उसकी बहन भी धोखाधड़ी में शामिल

पीड़ित विशाल व रजत ने बताया कि आरोपी जब भी उनके पास रुपए लेने के लिए आता तो उसकी बहन दिल्ली के मयूर विहार फेस वन निवासी संतोष शर्मा भी आती थी। आरोपी ने उनकी टिकट व वीजा दिया। जब उसकी जांच कराई तो वह फर्जी निकले। आरोपी के साथ चरणजीत वर्मा, दीक्षा, महेंद्र भी इस फर्जीवाड़े में शामिल हैं। टिकट व वीजा फर्जी निकलने पर उन्होंने आरोपियों से बात करने का प्रयास किया तो उनके नंबर बंद आते रहे। परेशान होकर इसकी शिकायत उन्होंने पुलिस को दी। पुलिस ने मामले की जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।

मामले में की जा रही जांच

मामले की जांच कर रहे जगाधरी के हुडा सेक्टर 17 थाना प्रभारी विश्वजीत सिंह का कहना है कि मामले में आरोपी अमित पाल व अन्य पर केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ की जाएगी।

5379487