Logo
हरियाणा के यमुनानगर में आत्महत्या करने जा रही युवती का 3 लोगों ने अपहरण कर सामूहिक दुष्कर्म किया और उसे डेढ़ लाख रुपए में एक महिला को बेच दिया। महिला ने नशीली गोलियां देकर युवती से देह व्यापार करवाया। पीड़ित ने मौका पाकर भाई को सूचना दी, जिसके बाद उसे मुक्त करवाया गया। पुलिस मामले में जांच कर रही है।

Yamunanagar: बहन से लड़ाई होने के बाद सुसाइड करने जा रही उत्तर प्रदेश के सहारनपुर निवासी 20 वर्षीय युवती का तीन भाईयों ने अपहरण कर पहले उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। बाद में आरोपियों ने युवती को यमुनानगर के पुराना हमीदा कॉलोनी में एक महिला को डेढ़ लाख रुपए में बेच दिया। आरोपी महिला ने उसे नशीली गालियां खिलाकर देह व्यापार करवाया। पीड़िता ने अपने भाई को फोन कर घटना के बारे में बताया। पीड़िता के भाई ने मौके पर पहुंचकर उसे आरोपी महिला से मुक्त करवाया और गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां पीड़िता का इलाज चल रहा है। पुलिस ने मामले की जांच के बाद तीनों आरोपी भाईयों समेत पांच के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।

काम को लेकर घर में हुआ झगड़ा, आत्महत्या करने निकली थी युवती

जानकारी अनुसार उत्तर प्रदेश के सहारनपुर निवासी युवती ने बताया कि वह पांचवीं कक्षा तक पढ़ी हुई है। पांच जून को उसका अपनी छोटी बहन के साथ घर के काम को लेकर झगड़ा हो गया, जिसके बाद वह उससे लड़ाई करके सुसाइड करने के लिए घर से निकल गई। दोपहर एक बजे वह घंटा चौक के पास खड़ी थी। तभी उसके पास हबीबगढ़ जिला सहारनपुर निवासी आसिफ व कासीम आए। आरोपियों ने उसे जूस पिलाया, जिसके बाद आरोपी उसे थ्री व्हीलर में बैठाकर एक कमरे में लेकर आए। वह कमरा उनके भाई आमिर का था। आरोपियों ने उसे तीन दिन उस कमरे में रखा। जहां आरोपियों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपी अपनी भतीजी आफरीन के साथ मिलकर उसे एक कार में बैठाकर यमुनानगर के पुरानी हमीदा कॉलोनी में लेकर आए, जहां आरोपी ने आफरीन के भाई हमीदा निवासी अदनान के कमरे पर तीन दिन रखा।

डेढ़ लाख रुपए में सबाखाना नामक महिला को बेचा

पीड़िता ने बताया कि आरोपियों ने उसे सबाखाना नाम की महिला को डेढ़ लाख रुपए में बेच दिया। आरोपी महिला उसे नशीली गोलियां खिलाकर देह व्यापार करवाने लगी। आरोपी महिला ने उसकी जबरदस्ती वीडियो बनाई, जिसमें उससे कहलवाया कि वह यहां पर अपनी मर्जी से आई है और अपनी मर्जी से यह काम कर रही है। एक दिन उसने मौका पाकर अपने भाई को घटना के बारे में बताया और जगह की लोकेशन बताई। देर शाम युवती का भाई उसके बताए पते पर पहुंच गया और अपनी बहन को मुक्त करवाया। जब वह अपनी बहन को लेकर जाने लगा तो उसकी तबीयत खराब हो गई, जिसके बाद उसे सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया। डॉक्टरों ने युवती का मेडिकल करवाया। जहां उसके साथ दुष्कर्म की पुष्टि हुई है। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया।

5379487