Logo
हरियाणा के रेवाड़ी में एक युवक ने स्टेटस पर वीडियो अपलोड करने के बाद फांसी का फंदा लगाकर आतमहत्या कर ली। मृतक ने वीडियो में 3 लोगों पर आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया। पुलिस मामले में जांच पड़ताल कर रही है।

Rewari: सनसिटी सोसायटी में किराए के मकान में रहने वाले मूल रूप से राजस्थान निवासी एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मरने से पहले उसने एक वीडियो अपने व्हाट्सएप स्टेटस पर अपलोड किया। उसके बाद दीवार पर सुसाइड नोट लिखकर फांसी के फंदे पर झूल गया। सुसाइड नोट में उसने सिटी पुलिस स्टेशन के एक कर्मचारी, मकान मालिक महिला और उसके भाई को अपनी मौत के लिए जिम्मेदार ठहराया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेने के बाद पोस्टमार्टम करवा दिया। आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज करने के बाद सिटी पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी।

व्हाट्सएप पर स्टेटस लगाते हुए की आत्महत्या

राजस्थान के झुंझुनू जिले का रहने वाला देशराज सनसिटी सोसायटी के मकान में किराए पर रहता था। वह गुरूग्राम की एक कंपनी में कार्यरत था। पुलिस को दर्ज बयान में उसके साले सुरेंद्र ने बताया कि देशराज ने हाल ही में व्हाट्सएप पर स्टेटस लगाते हुए खुदखुशी करने की बात कही थी। अनिष्ट की आशंका को देखते हुए उसने अपने जीजा को फोन लगाया तो फोन नहीं उठाया। वह बावल से सीधे अपने जीजा के कमरे पर पहुंचा तो देखा कि उसके जीजा का शव फंदे से लटक रहा था। दीवार पर उसके जीजा ने सुसाइड नोट लिखा हुआ था, जिसमें उसने मकान मालिक, उसके भाई और सिटी थाने के एक पुलिसकर्मी अनिल पर आत्महत्या के लिए मजबूर करने की बात लिखी थी। उसकी सूचना पर सिटी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर एफएसएल की टीम को बुलाया। शव को उतरवाकर उसका पोस्टमार्टम करा दिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज करने के बाद जांच शुरू कर दी।

वीडियो में लगाया परेशान करने का आरोप

वीडियो में देशराज ने आरोप लगाया कि उसे मकान मालकिन विजय लक्ष्मी, उसका भाई अजय और पुलिसकर्मी अनिल परेशान कर रहे थे। उसने वीडियो में बताया कि वह राकेश उर्फ रक्कू से 2 लाख रुपए मांगता है। उसने यह रकम ब्याज पर दी हुई है। उससे यह रकम लेकर उसकी पत्नी और बच्चों को दी जाए। पुलिस ने वीडियो को भी कब्जे में लेकर जांच के लिए एफएसएल भेजने का निर्णय लिया। पुलिस मामले में छानबीन कर रही है।

5379487