Logo
JJP Leader Ravinder Minna: पानीपत में जेजेपी नेता रविंद्र मिन्ना की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस हमले में दो लोग घायल भी हुए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

JJP Leader Ravinder Minna: पानीपत में बीती रात यानी शुक्रवार को करीब सवा 8 बजे जननायक जनता पार्टी (JJP) के नेता की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। इसके अलावा इस हमले में मृतक के भाई और अन्य व्यक्ति पर भी फायरिंग की गई। हमले के बाद दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। जबकि जेजेपी नेता की मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

रविंद्र मिन्ना ने हमलावर से कराई थी अपनी साली की शादी

जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान रविंद्र मिन्ना के रूप में हुई है। रविंद्र पानीपत के जागसी गांव का रहने वाला था। रविंद्र विकास नगर इलाके में रहता था। घायलों की पहचान मृतक के चचेरे भाई विनीत और विनय के तौर पर हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि हमलावर रविंद्र मिन्ना का रिश्तेदार है। पूरी वारदात विकास नगर के रहने वाले राजबीर उर्फ राजू के पशु बाड़ा में हुई है।

पुलिस पूछताछ में राजू के पिता जिले सिंह ने बताया कि राजू की पत्नी भैंस का दूध निकाल रही थी। उस दौरान हमलावर वहां पर आ गया। हमलावर रणबीर पिछले 10 सालों से उनके यहां दूध दे रहा था। वारदात के समय भी वह दूध देने गया हुआ था। ऐसा कहा जा रहा है कि वारदात के समय गली में 2 गोलियां चली थी। रविंद्र मिन्ना ने अपनी साली की शादी हमलावर रणबीर के साले से करवाई थी।

पिछले कुछ दिनों से रविंद्र की साली और हमलावर के साले के बीच विवाद चल रहा था। इसी विवाद में विकास नगर में एक पंचायत भी हुई थी। इस पंचायत में भी रविंद्र और रणबीर के बीच बहस हो गई थी। पुलिस को संदेह है कि इसकी रंजिश रखते हुए ही रणबीर ने रविंद्र मिन्ना समेत उसके चचेरे भाई विनीत और विनय भी गोली चला दीं। फिलहाल हत्या के पीछे की असल वजह का अब तक पता नहीं चल पाया है।  

रविंद्र को सिर और अन्य को पेट, कमर में लगी गोली

पार्क अस्पताल के डॉक्टर अंकित का कहना है कि विनीत को एक गोली पेट में बायीं तरफ लगी। वहीं विनय को एक गोली कमर और दूसरी टांग में लगी। मृतक रविंद्र मिन्ना के माथे में गोली लगी थी। तीनों को पार्क अस्पताल लेकर आया गया था। लेकिन डॉक्टरों ने रविंद्र मिन्ना को मृत घोषित कर दिया। जबकि दो लोगों का इलाज चल रहा है। इस मामले में SP लोकेंद्र सिंह का कहना कि वारदात के बारे में पता लगते ही पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया था। पुलिस ने हमलावर को पकड़ने के लिए 5 टीमें गठित की हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द पकड़ लिया जाएगा।

JJP के प्रभारी रामराज पटवारी ने वारदात के बाद क्या कहा ?

जेजेपी के प्रदेश उपाध्यक्ष देवेंद्र कादियान ने बताया कि रविंद्र पहले इनेलो में थे। बाद में JJP में शामिल हो गए थे। उनको 2024 विधानसभा की टिकट दी गई थी, लेकिन कागजी कार्रवाई पूरी न होने के चलते वह फॉर्म नहीं भर पाए थे। जेजेपी नेता की हत्या के बाद JJP के जिला प्रभारी रामराज पटवारी ने कहा कि 'पानीपत में इस समय जंगलराज हो गया है। हाल ही के दिनों में 6-6 हत्याएं होना कोई छोटी बात नहीं है। सरकार और पुलिस प्रशासन क्या कर रहा है। लोग डरे हुए हैं। रविंद्र की पत्नी ने 2024 के विधानसभा चुनावों में पानीपत शहरी सीट से पर्चा भरा था। हालांकि पर्चा रद्द हो गया था। हमारी सरकार से मांग है कि लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाया जाए।'

Also Read: 'एक व्यक्ति के दबाव में कांग्रेस...', दुष्यंत चौटाला ने भूपेंद्र हुड्डा को लिया आड़े हाथे, BJP सरकार को भी घेरा

रविंद्र मिन्ना 3 साल पहले हुए थे गिरफ्तार

बताया जा रहा है कि रविंद्र मिन्ना को 3 साल पहले भी जमीन से जुड़े एक विवाद में गिरफ्तार किया गया था। उन पर आरोप लगाया गया था कि उन्होंने अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर एक दुकानदार पर हमला किया और उससे 2,470 रुपए लूट लिए थे। इस घटना के बाद पुलिस ने रविंद्र मिन्ना और उनके कुछ साथियों के खिलाफ लूट समेत कई धाराओं के तहत केस दर्ज किया था।

Also Read: यमुनानगर के इंडस्ट्रियल एरिया में मिला व्यक्ति का शव, बेरहमी से गला काटकर हुई हत्या

5379487