भूपेंद्र हुड्डा ने साधा भाजपा पर निशाना : हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इस बार विधानसभा में बिना नए कर का बजट पेश करने का दावा किया था, लेकिन सत्र खत्म होते ही भाजपा के दावे की सच्चाई सबके सामने आ गई। बिजली के रेटों में बढ़ोतरी करके साफ हो गया है कि जनता से लूट का खेल जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि सरकार ने बिजली दरों में 40 पैसे प्रति यूनिट तक की बढ़ोतरी और नए स्लेब लागू किए हैं। इससे जनता से करीब 5 हजार करोड़ की लूट होने जा रही है। इससे पहले लगभग 95 रुपये प्रति 200 यूनिट की दर से एफएसए वसूली का आदेश हो चुका है। महंगाई के दौर में इससे आम उपभोक्ताओं पर बड़ा असर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि सरकार ने इंडस्ट्रीज के लिए भी बिजली की दरों में बढ़ोतरी की है। अन्य राज्य तो उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए छूट दे रहे हैं और हरियाणा में लगातार बोझ बढ़ाया जा रहा है। इस वजह से हरियाणा से उद्योग लगातार पलायन कर रहे हैं। सरकार की गलत नीतियों की वजह से महंगाई और बेरोजगारी की मार आम जनमानस पर पड़ रही है।
कौशल कर्मियों को पक्का करने की जगह निकाल रहे
हुड्डा ने कहा कि भाजपा ने हरियाणा कौशल रोजगार निगम के कर्मियों के साथ बड़ा धोखा किया है। चुनाव से पहले भाजपा ने सवा लाख कच्चे कर्मचारियों को पक्के करने का ऐलान किया था, लेकिन चुनाव जीतते ही अपना वादा भूल गए। पक्का करना तो दूर अब कौशल कर्मचारियों को निकाला जा रहा है। हररोज किसी न किसी विभाग से कच्चे कर्मचारियों को बाहर किया जा रहा है।
हिसार एयरपोर्ट प्रोजेक्ट को लटकाया
हिसार एयरपोर्ट के मामले में हुड्डा ने आरोप लगाया कि भाजपा ने इस परियोजना को लगातार लटकाया है। कांग्रेस सरकार के दौरान 2013-14 में ही हिसार और करनाल एयरपोर्ट को केंद्र सरकार की मंजूर मिली थी। भाजपा सरकार 11 साल में भी इसका निर्माण पूरा नहीं करवा पाई। आज तक भाजपा सरकार हिसार एयरपोर्ट के साथ उद्घाटन-उद्घाटन खेल रही है। कभी मुख्यमंत्री, कभी केंद्रीय मंत्री तो अब प्रधानमंत्री से उद्घाटन करवाया जा रहा है। इसी तरह भाजपा ने कांग्रेस सरकार में मंजूर हुए यमुनानगर पावर प्लांट व खरखौदा मारुति प्लांट की परियोजना को भी लटकाया है।
यह भी पढ़ें : रेवाड़ी के पूत पर देश को नाज: शहीद सिद्धार्थ यादव को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई, पिता ने दी मुखाग्नि