Logo
Sirsa Dera Issue: सिरसा में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच फायरिंग हो गई। इस विवाद में पुलिस पर भी हमला किया गया है। हमले में 6 लोग घायल हुए हैं।

Sirsa Dera Issue: सिरसा में जमीनी विवाद को लेकर गोलियां चलाई गईं। इस फायरिंग में करीब 6 लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए सिरसा के अस्पताल में भेजा गया था, लेकिन बाद में उन्हें हिसार के अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में रेफर कर दिया गया है। फिलहाल सभी की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन पुलिस पर भी फायरिंग कर दी गई। गोलियां चलाने वाले पक्ष ने पुलिस की गाड़ी पर भी हमला कर दिया था।

क्या है पूरा मामला ?

दरअसल यह पूरा विवाद सिरसा के रानियां में जीवन नगर नामधारी धाम में जमीनी विवाद को लेकर हुआ है। नामधारी सिख समुदाय के लुधियाना में भैणी साहब और रानिया में जीवन नगर यह दो प्रमुख धाम हैं। जिसमें लुधियाना धाम के सतगुरु उदय सिंह है और रानिया धाम के ठाकुर दलीप सिंह हैं। इन दोनों के बीच विवाद हुआ है। रानियां के जीवन नगर धाम के साथ 12 एकड़ की जमीन लगी हुई है। ऐसे में आज सुबह यानी 11 अगस्त को सतगुरु उदय सिंह के अनुयायी इस जमीन पर कब्जा करने के लिए पहुंचे थे।

लेकिन दलीप सिंह के अनुयायी मिट्ठू सिंह ने इसका विरोध किया और कहा कि जमीन उनकी है। इस जमीन पर सतगुरु उदय सिंह के करीब 250 अनुयायी कब्जा करना चाहते थे। जिसके बाद दोनों पक्षों के जमीन को लेकर झगड़ा हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर गोलियां तक चला दी। इसमें 6 लोगों को गोलियां लगीं और वह घायल हो गए ।

पुलिस पर भी किया हमला

घटना के बारे में पता लगते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। लेकिन इस विवाद में पुलिस पर भी गोलियां चलाई गईं। जिसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई में भी आंसू गैस के गोले छोड़े। फिलहाल इस झगड़े में किसी की मौत की सूचना नहीं मिली है। लेकिन इसमें 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। जिनमें से 4 लोगों का अग्रोहा मेडिकल में इलाज चल रहा है। जबकि कुछ लोगों का इलाज सिरसा के निजी अस्पताल में किया जा रहा है।

Also Read: रोहतक में खूनी संघर्ष, नाई की दुकान पर 2 पक्षों में झगड़ा, तेजधार हथियारों से किया हमला, एक की मौत

50 से 60 लोगों ने हमला किया

इस मामले में गांव नकौडा के पूर्व सरपंच सुखचैन सिंह का कहना है कि इस जमीन पर कुछ समय पहले से मतभेद चल रहे थे। लेकिन आज 11 अगस्त रविवार की सुबह जब डेरे के लोग खेतो में काम कर रहे थे। उस दौरान दूसरे पक्ष के लोगों ने उन पर गोलियां चलाना शुरू कर दिया था। जिन लोगों ने हमला किया था वह करीब 50 से 60 लोग थे। हमलावरों ने मौके पर पहुंची पुलिस की गाड़ी पर भी हमला कर दिया था।

5379487