Logo
हरियाणा के यमुनानगर में एक घर में घुसकर आरोपियों ने परिवार के सदस्यों पर गंडासी से जानलेवा हमला कर दिया। साथ ही एक आरोपी ने घर की महिला के साथ दुष्कर्म भी किया। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ितों के बयान पर केस दर्ज कर जांच शुरू की।

यमुनानगर: गांव सागड़ी में रंजिश के चलते कुछ लोगों ने एक घर में घुसकर परिवार के सदस्यों पर गंडासी से जानलेवा हमला कर दिया, जिसमें परिवार के सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हमले के दौरान ही एक आरोपी जबरन घर की एक महिला के साथ दुष्कर्म भी किया और मौके से फरार हो गए। पीड़ित परिवार ने घटना के बारे में पुलिस को सूचित किया। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ितों की शिकायत पर चार आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की।

अदालत में चल रहा दीवानी मुकदमा

जानकारी अनुसार गांव सागड़ी निवासी रमेश कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका गांव के ही देवी दयाल, हरिश कुमार, करण व मोहित के साथ दीवानी केस अदालत में चल रहा है। अदालत ने उसके पक्ष में स्टे के आदेश दिए हुए हैं। इसके बाद से चारों आरोपी उसके परिवार से रंजिश रखते हैं। 23 सितंबर को दोपहर डेढ़ बजे आरोपी देवी दयाल उसके घर में घुस गया। आरोपी ने उसकी पत्नी के साथ जबरदस्ती दुष्कर्म किया। इस दौरान वह घर पर पहुंचा तो उसकी पत्नी ने इस बारे बताया। जब वह देवी दयाल से बात कर रहा था तो आरोपी हरिश कुमार, करण व मोहित भी मौके पर आ गए।

गंडासी से किया जानलेवा हमला

रमेश कुमार ने बताया कि आरोपियों ने आते ही उसके परिवार के सदस्यों पर गंडासी से हमला कर दिया। हमले में गंडासी लगने से उसकी भाभी रजनी रानी, मां विध्या देवी तथा भाई ओमप्रकाश घायल हो गए। उसकी पत्नी को भी चोटें लगी। शोर सुनकर जब अन्य लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। उन्होंने घायल हुए अपने परिवार के सदस्यों को रादौर के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया। डॉक्टरों ने उसकी पत्नी को लगी चोटों की जांच की, लेकिन उसके साथ हुए दुष्कर्म की जांच नहीं की गई। उसने आरोपियों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दी। पुलिस ने मामले में आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की।

5379487