Logo
हरियाणा के यमुनानगर में नशा तस्करों को पकड़ने गए पुलिस कर्मचारियों के साथ आरोपियों ने मारपीट करते हुए नशा तस्करों को छुड़वा लिया। पुलिस ने मामले में दो नशा तस्कर व उनके साथियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

यमुनानगर: कस्बा बुड़िया में नशा तस्करों को पकड़ने गए पुलिस कर्मचारियों के साथ आरोपियों के परिजनों ने मारपीट की। नशा तस्करों के साथियों ने पुलिस पार्टी पर हमला कर अपने दोनों साथियों को छुड़वा लिया। आरोपियों ने पुलिस कर्मचारियों की वर्दी फाड़ दी और ईंटों से मारकर घायल कर दिया। पुलिस ने दो आरोपी नशा तस्करों व उनके तीन अन्य साथियों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।

नाकाबंदी कर पकड़े थे नशा तस्कर

जानकारी अनुसार हेड कांस्टेबल विनोद कुमार ने बताया कि वह ईआरवी पर तैनात है। बुड़िया में रविदास मंदिर के पास ड्यूटी कर रहा था। उसे पता लगा कि बुड़िया निवासी वाजिद व मोबिन हेरोइन बेचने का अवैध धंधा करते हैं। तभी उसने अन्य पुलिस कर्मियों के साथ आरोपियों को पकड़ने के लिए नाकाबंदी की। उन्हें दो युवक बाइक पर आते दिखाई दिए। जब उन्होंने बाइक को रुकने का इशारा किया तो आरोपियों ने बाइक नहीं रोकी। जैसे ही वह आरोपियों को पुलिसकर्मियों की मदद से रोकने लगे तो उनकी बाइक गिर गई और दोनों को पकड़ लिया।

पुलिस कर्मियों के साथ की मारपीट

पकड़े गए आरोपियों ने पुलिस कर्मियों के साथ गाली गलौज करनी शुरू कर दी। शोर मचाते हुए आरोपियों ने निर्माणाधीन मकान में कार्य कर रहे दो युवकों व एक महिला को बुला लिया, जिसके बाद आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की और वर्दी फाड़ दी। आरोपियों ने उन पर ईंट व पत्थर भी फेंके और वाजिद व मोबिन को अपने साथ भगा ले गए। उनके साथियों की पहचान उत्तराखंड के जिला हरिद्वार के गांव तेजपुर निवासी साजिद, बुड़िया निवासी सचिन व रुबीना के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।

5379487