Logo
हरियाणा के यमुनानगर में नशा तस्करी करने के मामले में पुलिस ने एक युवक व तीन नाबालिग लड़कियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने पकड़े गए युवक को अदालत से रिमांड पर लिया, जबकि नाबालिगों को बाल सुधार कमेटी के समक्ष पेश किया जाएगा।

यमुनानगर: नशा तस्करी को लेकर पुलिस प्रशासल अलर्ट मोड पर है। यमुनानगर क्षेत्र में सीआईए वन पुलिस टीम ने रेलवे स्टेशन से एक व्यक्ति व तीन नाबालिग लड़कियों को गिरफ्तार किया, जिनके कब्जे से 33 किलो 900 ग्राम चरस बरामद की। आरोपी रेल मार्ग से नशे की सप्लाई कर रहे थे। आरोपियों से पकड़ी गई चरस की कीमत करीब एक करोड़ रुपए बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी व्यक्ति को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया, जबकि तीनों नाबालिग लड़कियों को बाल सुधार कमेटी के सामने पेश किया जाएगा।

रेल में कर रहे थे तस्करी

जानकारी अनुसार सीआईए वन के प्रभारी यादविंद्र सिंह ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली कि कुछ नशा तस्कर नशे की एक बड़ी खेप रेलवे के माध्यम से लेकर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही उन्होंने यमुनानगर-जगाधरी रेलवे स्टेशन पर नाकाबंदी शुरू कर दी। कुछ देर बाद उन्हें एक व्यक्ति व तीन नाबालिग लड़कियां रेलवे स्टेशन से गुजरते दिखाई दिए। शक के आधार पर उन चारों को रोक लिया और मौके पर ड्यूटी मैजिस्ट्रेट को बुलाया गया। उनके सामने आरोपियों की तलाशी ली तो उनके पास से 33 किलो 900 ग्राम चरस बरामद हुई।

बिहार के रहने वाले हैं आरोपी

नशे के साथ पकड़े गए आरोपी की पहचान बिहार के जिला मोतिहारी निवासी राज के रूप में हुई। आरोपी लड़कियां भी वहीं की रहने वाली है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया है। जबकि नाबालिग लड़कियों को बाल सुधार कमेटी के सामने पेश किया जाएगा। अब पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी कब से नशा तस्करी के काम से जुड़े थे। आरोपी कहां से चरस लेकर आते थे और कहां सप्लाई करते थे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

5379487