Logo
Bhopal Plantations : भोपाल कलेक्टर ने शहरभर में 3 जुलाई को हरियाली महोत्सव पर 12 लाख पौधे रोपे जाने के निर्देश विभागीय अधिकारियों के दिए हैं। इसके साथ ही प्राइवेट स्कूलों में फीस और किताबों को लेकर की जा रही मनमानी की जांच की बात भी कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने टीएल मीटिंग में कही है।

Bhopal Plantations : मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में 3 जुलाई को हरियाली महोत्सव पर 12 लाख पौधे रोपे जाएंगे। कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने टीएल मीटिंग में यह बात कही है। इस मौके पर उन्होंने डीईओ एके त्रिपाठी को निर्देश दिए हैं कि शहर में संचालित प्राइवेट स्कूलों में फीस और किताबों को लेकर जांच करते हुए जरूरी कार्रवाई की जाए।

पीडब्ल्यूडी अलग से स्मॉल फॉरेस्ट डेवलप करें
भोपाल कलेक्टर सिंह के अनुसार हरियाली महोत्सव पर बड़े स्तर पर पौधारोपण किया जाएगा। जिसमें 12 लाख पौधों का रोपण शहरभर में होगा। सभी विभाग पौधारोपण को लेकर प्लान तैयार कर लें। पीडब्ल्यूडी अलग से स्मॉल फारेस्ट डेवलप करें। पीडब्ल्यूडी विभाग, कांट्रेक्टर्स, स्वयंसेवी संस्थाओं और अन्य विभागों के साथ मिलकर नीम, आम, बरगद, करंज आदि पौधों का रोपण किया जाएगा।

प्राइवेट स्कूलों की जांच की जाए
बैठक में कलेक्टर ने कहा कि प्राइवेट स्कूलों की वार्षिक फीस, ड्रेस और किताबों को लेकर विशेष दुकानों के संबंध में अभिभावक किसी भी स्थिति में परेशान न हों। इस संबंध में अभिभावकों की शिकायतें मिलने पर डीईओ जांच करें। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाए।

बाढ़ की तैयारी को लेकर भी मीटिंग
सोमवार को कलेक्ट्रेट में एडीएम हिमांशु चंद्र की अध्यक्षता में मानसून पूर्व बाढ़ और प्राकृतिक आपदा की तैयारियों के संबंध में बैठक हुई। पुलिस, होमगार्ड, खाद्य समेत सभी विभागों के अधिकारियों से कहा कि वे बाढ़ की स्थिति बनने पर तैयारी रखें। व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर एक दूसरे को जानकारी दें।

महिला हेल्पलाइन पर पौध रोपण का अनुरोध
नगर निगम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए तत्पर है। नागरिक भी निगम का सहयोग करें और जहां स्थान उपलब्ध हों वहां वर्षा ऋतु में पौधरोपण करें। यह बात महापौर मालती राय ने नागरिकों से तब कही जब वे स्मार्ट सिटी स्थित कंट्रोल रूम में महिला हेल्प लाइन की समीक्षा कर रही थीं। महापौर ने कहा कि नगर निगम सदैव नागरिकों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने एवं उनकी शिकायतों के निराकरण की तत्परता से कार्यवाही कर रहा है, नागरिक भी शहर में 1 लाख पौधे लगाने के कार्यक्रम में सहयोग करें और पर्यावरण संरक्षण हेतु शहर में जहां स्थान उपलब्ध हो वहां अपने परिजनों के साथ पौधरोपण करें।

5379487