Logo
मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में एक दर्दनाक घटन सामने आई है। छह माह के बच्चे को कुत्ते पार्क से घसीटकर ले गए। उसका एक हाथ पूरा खा गए। नोंच-नोंचकर उसे मार डाला। परिजन बच्चे को तलाश रहे थे। लहूलुहान हालत में उसका शव मिला।

भोपाल। आवारा कुत्तों के आतंक ने एक और मासूम की जान ले ली। मिनाल रेसीडेंसी कॉलोनी में 10 जनवरी को तीन आवारा कुत्तों ने 6 माह के केशव पर उस समय हमला किया, जब मां रक्षाबाई निर्माणाधीन बिल्डिंग के पास झाड़ू लगा रही थी। साफ-सफाई का काम करने वाली मां ने बच्चे को दूध पिलाकर पार्क में सुला दिया। बड़ी बेटी को उसकी देखरेख के लिए भी छोड़ा, लेकिन बच्ची खेलते हुए दूर चली गई, इसी बीच कुत्ते बच्चे को खींच ले गए। उसका एक हाथ खा गए। बच्चे के सिर और पेट समेत पूरे शरीर पर काटने के निशान हैं। घटना बुधवार की है। सोशल मीडिया पर घटना के वायरल होने के बाद शुक्रवार को पुलिस ने मर्ग कायम किया है। इधर, घटना की गंभीरता देख कलेक्टर ने पूरे शहर से आवारा कुत्तों को पकड़ने के निर्देश दिए हैं।

जानें पूरी घटना: मां ने दूध पिलाकर बच्चे को सुला दिया, कुत्तों ने ले ली जान 
अयोध्या नगर के शिव नगर बस्ती निवासी महेंद्र वाल्मिकी मजदूरी करते हैं। बुधवार को छत्री पार्क के पास वे अपनी पत्नी के साथ काम कर रहे थे। इस दौरान बड़ी बेटी और 6 माह का बच्चा पार्क में था। मां ने दूध पिलाने के बाद बच्चे को सुला दिया। बड़ी बेटी उसके पास थी। वह खेलते हुए दूर चली गई। लौटी तो बच्चा गायब था। माता-पिता को बेटी ने बताया तो उन्होंने तलाश शुरू की। इसी बीच कुछ लोगों ने कुत्तों को बच्चे का शव नोंचते देखा। परिजनों बच्चे का शव लेकर घर गए और दफना दिया। घटना की जानकारी नगर निगम के अमले को भी दी गई। शुक्रवार को अमला कुत्ते पकड़ने पहुंचा तो लोगों ने खूब हंगामा किया। टीम से विवाद भी किया। 

पीड़ित को 50 हजार की मदद 
कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह का कहना है कि जहां घटना हुई है, वहां से शुक्रवार को 8 कुत्ते पकड़े गए हैं। शनिवार से पूरे शहर में नगर निगम को स्ट्रीट डॉग्स को पकड़ने के लिए अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। पीड़ित परिवार को रेड क्रॉस से 50 हजार रुपए की मदद भी दी है।

परिजन ने पीएम कराने से किया इनकार 
शुक्रवार को घटना सोशल मीडिया पर आई तब जाकर पुलिस को पता चला। पुलिस पहुंची तो परिजनों ने शपथ पत्र देकर पोस्टमॉर्टम कराने से इनकार कर दिया। अयोध्या नगर थाना टीआई ने बताया कि शव बरामद कर पीएम कराया जाएगा।

5379487