Logo
मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में गुरुवार को भाजपा अनुशासन समिति की बैठक होने वाली है। बैठक में पार्टी विधानसभा चुनाव में भाजपा के खिलाफ काम करने वाले 100 से ज्यादा नेताओं को बाहर का रास्ता दिखाने वाली है। इन नेताओं की शिकायतें मिली हैं।

भोपाल। विधानसभा चुनाव 2023 में भाजपा के खिलाफ काम करने वाले नेताओं पर बड़ी कार्रवाई की तैयारी है। मध्यप्रदेश भारतीय जनता पार्टी को भितरघात करने वाले 100 पदाधिकारियों, नेताओं और कार्यकर्ताओं की शिकायतें मिली हैं। गुरुवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में होने वाली अनुशासन समिति की बैठक में इन नेताओं पर कार्रवाई हो सकती है।

ऑडियो और वीडियो के माध्यम से मिले हैं सबूत 
भाजपा संगठन को चुनाव में अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ काम करने वाले जिन वर्कर्स की शिकायतों के साथ ऑडियो, वीडियो और सबूत मिले हैं। उन नेताओं, कार्यकर्ताओं पर अनुशासन समिति की बैठक में एक्शन लेने का निर्णय लिया जा सकता है। विधानसभा चुनाव के दौरान पार्टी नेतृत्व को बडे़ पैमाने पर शिकायतें मिली थीं। शुरुआती छानबीन में जिनके ऊपर भितरघात के आरोप लगे और शिकायत के साथ मिले सबूतों में गड़बड़ी की पुष्टि हुई। उन नेताओं पर अब पार्टी सख्त एक्शन लेने जा रही है।
 
तीन बजे होगी अनुशासन समिति की बैठक 
विधानसभा चुनाव के बाद बीजेपी की कई बैठकों में भितरघातियों पर कार्रवाई का मुद्दा उठता रहा है। चुनाव हारने वाले उम्मीदवारों ने पार्टी के ही कई स्थानीय पदाधिकारियों की शिकायतें की थीं। विधायकों ने भी चुनाव जीतने के बाद भी कुछ पदाधिकारियों की शिकायतें की हैं। करीब आधा दर्जन जिलाध्यक्षों के खिलाफ पार्टी उम्मीदवारों ने गड़बड़ी करने की शिकायतें की हैं। जानकारी के मुताबिक, प्रदेश भाजपा कार्यालय में गुरुवार को दो बैठकें होंगी। दोपहर 3 बजे अनुशासन समिति की बैठक होने वाली है। बैठक में अनुशासन समिति के संयोजक वेदप्रकाश शर्मा के साथ सदस्य देवीलाल धाकड़, भगवानदास सबनानी, और जगदीश अग्रवाल शामिल होंगे।

5379487