देवानंद मेश्राम, MP: बालाघाट जिले के कटंगी वन परिक्षेत्र में एक मादा तेंदुए की करंट से मौत के मामले में वन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सभी आरोपियों को सोमवार दोपहर कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है। यह घटना ग्राम बड़पानी की है, जहां 3 अप्रैल की शाम एक चरवाहे ने खेत में बने कुएं में तेंदुए का शव देखा था। सूचना मिलते ही वन विभाग सक्रिय हुआ और 48 घंटे के भीतर आरोपियों को पकड़ लिया।
24 मार्च को की थी शिकार की साजिश
जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने 24 मार्च की शाम मादा तेंदुए का शिकार कर उसे 19 किलो वजनी पत्थर से बांधकर कुएं में फेंका था। हालांकि 10 दिन बाद शव सतह पर आ गया, जिसे चरवाहे ने देखा और वन विभाग को सूचना दी।
ये हैं आरोपी
वन परिक्षेत्र अधिकारी बी.एल. चढ़ार के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए आरोपी हैं:
- बुलाराम पिता डूलीचंद पुष्पतोड़े (34)
- चेतन पिता नामदेव सोनवाने (40)
- सुनील पिता सुदाम राउत (35)
- उदेश्याम पिता दशरथ सोनवाने (45)
- विनोद पिता शोभाराम सोनवाने (42)
- मुनेश्वर पिता श्रीराम मात्रे (54)
- सुभाष पिता गणेश मात्रे (40)
इन सभी के खिलाफ वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम 1972 (संशोधित 2022) की धारा 2, 9, 39, 50 और 51 के तहत केस दर्ज किया गया है।
शावक जंगल में भटक रहा, निगरानी जारी
मादा तेंदुए की मौत के बाद उसका करीब 1 साल का शावक क्षेत्र में भटकता हुआ देखा गया है। वन विभाग के अनुसार, शावक की गतिविधियों पर निरंतर निगरानी रखी जा रही है। यदि वह शिकार करने में असमर्थ पाया गया, तो उसे रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान पर लाया जाएगा।
साक्ष्य के साथ आरोपियों को घेरा
वन विभाग ने दो बड़े पत्थर, जीआई तार, बांस की खुंटी और अन्य सामग्री जब्त की है। बता दें, वनमंडल अधिकारी अधर गुप्ता और उपवनमंडल अधिकारी बी.आर. सिरसाम के निर्देशन में एक विशेष टीम बनाई गई थी जिसमें कटंगी, महकेपार और तिरोड़ी के अधिकारी-कर्मचारी शामिल थे। इस संयुक्त टीम ने प्रभावशाली ढंग से 48 घंटों में सफलता प्राप्त की।