Logo
MP Road Accident: भोपाल में नए साल पर भीषण सड़क हादसा हुआ। 100 की रफ्तार से दौड़ रही कार निर्माणाधीन पुल से 65 फीट नीचे गिरी। दो लोगों की मौत की सूचना।

भोपाल। 100 की रफ्तार में दौड़ रही कार निर्माणाधीन पुल से 65 फीट नीचे गिरी। हादसे में कार सवार चार में से दो लोगों की मौत की सूचना मिली है। दो की हालत नाजुक है। दोनों घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। भीषण हादसा रविवार रात दो बजे कटारा हिल्स थाने के लहरपुर मुक्तिधाम के सामने निर्माणाधीन पुल पर हुआ। एक्सीडेंट की खबर सुनकर पास की बस्ती के लोग दौड़े और किसी तरह घायलों को कार से बाहर निकाला। अन्य वाहन की मदद से अस्पताल पहुंचाया। हादसे के समय मौजूद लोगों ने बताया कि कार में चार लोग सवार थे। दो की मौत हो गई थी। हालांकि पुलिस का कहना है कि इनके पास किसी की मौत की खबर नहीं आई है। 

आगे का गेट नहीं खुला तो पीछे का दरवाजा खोला
पुलिस के मुताबिक, रात दो बजे हादसा हुआ। 100 डॉयल पर किसी ने हादसे की जानकारी दी। तीन बजे पुलिस मौके पर पहुंची। कार के आगे का गेट नहीं खुला तो पीछे का दरवाजा खोला। अंदर देखा तो कोई नहीं था। फिर पुलिस ने बस्ती के लोगों से पूछताछ की तो पता चला कि घायलों को अन्य वाहन की मदद से अस्पताल भेजा गया। कार में कौन था? हादसा कैसे हुआ? कितने लोग थे? किस अस्पताल में ले गए? कौन ले गया? ऐसे कई सवाल हैं जिनके जवाब पुलिस तलाश रही है। 

Bhopal Road Accident
हादसे के बाद पुलिस ने गाड़ियां लगाकर रोका रास्ता। आने-जाने वालों को रोका।

बड़ी लापरवाही: निर्माण चल रहा लेकिन बैरिकेडिंग नहीं, जोखिम में जान
बड़ी लापरवाही तो यह है कि लहरपुर पुल पर निर्माण कार्य चल रहा है। इसके बाद भी पुल के दोनों तरफ बैरिकेडिंग नहीं की गई। निर्माणाधीन पुल के अगल-बगल से लोग जान जोखिम में डालकर आना-जाना करते हैं। हर दिन सैकड़ों लोग यहां से आना-जाना करते हैं। पास में बसी बस्ती के बच्चे भी यहीं खेलते रहते हैं। इसके बाद भी पुल का निर्माण करवा रहे ठेकेदार ने आम रास्ते पर बैरिकेडिंग नहीं की। कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। पुलिस का कहना भी यही था कि निर्माणाधीन पुल के दोनों ओर बैरिकेडिंग होनी चाहिए। 

नर्मदापुरम की है कार...कटारा से बागसेवनिया की ओर जा रही थी 
पुलिस जांच में पता चला कि नीली कलर की शिफ्ट कार (MP-05 CB-0783) नर्मदापुरम की है। बायपास से कार कटारा हिल्स होते हुए बागसेवनिया की ओर जा रही थी। कार में सवार लोग नशे में थे। गाड़ी की रफ्तार इतनी ज्यादा थी कि चालक कुछ समझ पाता उससे पहले ही गाड़ी पुल से नीचे जा गिरी। बता दें कि पुल का निर्माण चल रहा है। बीच में काफी जगह है। वहां से हर समय नीचे गिरने का डर बना रहता है। 

 लोगों की भीड़ उमड़ी...देखते रहे पुल से नीचे गिरी कार 

Bhopal Accident News
सुबह से ही लोग निर्माणाधीन पुल पर जमा हो गए। नीचे गिरी कार को देखते रहे।
5379487