Logo
Bhopal Navratri Festival 2024: भोपाल की अरेरा कॉलोनी स्थित 10 नंबर मार्केट में हर साल अलग अलग थीम पर मां दुर्गा का दरबार सजाया जाता है। इस बार यहां कैलिफोर्निया का थीम पार्क डिज्नीलैंड बनाया गया है। गांधी जयंती पर डिज्नी परेड निकाली जाएगी।

Bhopal Navratri Festival 2024: मध्य प्रदेश में नवरात्रि महोत्सव की की तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। राजधानी भोपाल में माता रानी के भव्य दरबार सजाए जा रहे हैं। अरेरा कॉलोनी के 10 नंबर मार्केट में कैलिफोर्निया के डिज़्नीलैंड की तर्ज पर आकर्षक झांकी सजाई गई है। यहां मां दुर्गा समेत अलग अलग कैरेक्टर्स की 50 प्रतिमाएं तैयार की गई हैं। जो हर किसी को आकर्षित करती हैं। 2 अक्टूबर को गांधी जयंती पर डिज़्नीलैंड परेड निकाली जाएगी। 

45 लाख से बना दुर्गा पांडाल 
अरेरा कॉलोनी में 10 नंबर मार्केट के पार्किंग स्थल पर नवरात्रि पर मां दुर्गा का दरबार हर साल सजाया जाता है। इस बार यहां कैलिफोर्निया के थीम पार्क डिज्नीलैंड की तर्ज पर माता रानी दरबार बनाया गया है। नवयुवक दुर्गा उत्सव समिति के अध्यक्ष राहुल मालवीय ने बताया, पांडाल सजाने का काम पिछले 3 महीने से किया जा रहा है। इसमें लगभग 40 से 45 लाख रुपए खर्च होने का अनुमान है। 

Disneyland in Arera Colony Bhopal
Disneyland in Arera Colony Bhopal

छिंदवाड़ा से बुलाए 35 कलाकार
राहुल मालवीय के मुताबिक, करीब 3000 स्क्वायर फीट में तैयार किए जा रहा यह पांडाल 81 फीट ऊंचा होगा। इसे तैयार करने 35 कलाकार छिंदवाड़ा से बुलाए गए हैं। एक डेढ़ माह इन्होंने वर्कशॉप में स्टेच्यू बनाने का काम किया। अब डेढ़ माह से पांडाल बना रहे हैं। 

बांस, फोम और कपड़े से बनाया डिज्नीलैंड 
पंडाल बनाने का काम महिला कलाकार अंजली डेहरिया के मार्गदर्शन में चल रहा है। अंजली ने बताया कि हम लोग पिछले 25 साल से पांडाल बनाने का काम कर रहे हैं। यह पांडाल बांस, कपड़ा, लोहा और फोम से तैयार किया जा रहा है। इसमें करीब 2000 बांस, चार गाड़ी (मिनी ट्रक) फोम, 10 हजार मीटर कपड़ा और 15 क्विंटल लोहा लगा है। करीब 20 लीटर पेंट भी उपयोग हो गया है।

यह भी पढ़ें: Navratri 2024: भोपाल में बन रहा 'अयोध्या राम मंदिर', जानें आप कब कर पाएंगे रामलला के दर्शन

केदारनाथ मंदिर और केरल की बाढ़ 
नवयुवक दुर्गा उत्सव समिति अरेरा कॉलोनी में पिछले 18 साल से मां दुर्गा का दरबार सजा रही है। 2007 में स्कूल कॉलेज में पढ़ने वाले कुछ छात्रों ने शुरुआत की थी। पहले तो साधारण तौर ही उत्सव मनाया जाता था, लेकिन पिछले कुछ वर्षों से अलग-अलग थीम पर माता रानी के दरबार सजा रहे हैं। गत वर्ष केदारनाथ मंदिर की थीम पर माता रानी का दरबार सजाया था। इसके पहले केरल की बाढ़ पर आधारित झांकी सजाई थी।  

रिपाेर्ट: वीरेंद्र कुशवाह 

5379487