Logo
Jabalpur Murder : मध्यप्रदेश के जबलपुर में भाजपा नेता ने गोली मारकर युवक की हत्या कर दी। BJP नेता ने राजनीतिक धौंस जमाने के लिए युवक को मौत के घाट उतारा। हत्या के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।

भोपाल। राजनीतिक धौंस जमाने के लिए शराब के नशे में धुत भाजपा नेता ने गोली मारकर युवक की हत्या कर दी। हत्या करने के बाद भाजपा नेता अपने साथियों के साथ फरार हो गया है। घटना जबलपुर के पाटन थाना के चौधरी मोहल्ला वार्ड क्रमांक 3 की है। पाटन थाना पुलिस ने भाजपा नेता आशीष, उसके साथी पप्पू और अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

चचेरे भाई को उसके घर छोड़ने गया था मृतक 
जानकारी के मुताबिक, मृतक किसान रामराज नदेंसरिया शुक्रवार की रात 11 बजे अपने चचेरे भाई राघव को घर छोड़ने चौधरी मोहल्ला आया था। राघव को घर छोड़ने के बाद जब रामराज अपने घर रिमझा गांव जा रहा था। तभी भाजपा नेता आशीष और उसके साथी पप्पू बर्मन से किसी बात को लेकर रामराज का विवाद हो गया। इस बीच आशीष ने बंदूक निकाली रामराज के पेट में गोली मार दी। स्थानीय लोग घायल रामराज को पाटन अस्पताल ले गए। यहां हालत नाजुक होने के कारण उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। रास्ते में ही रामराज ने दम तोड़ दिया। 

पहले भी कई लोगों के साथ मारपीट कर चुका है भाजपा नेता
आरोपी आशीष भाजपा का स्थानीय कद्दावर नेता है। युवा मोर्चा ग्रामीण में भी वह कई पद पर रह चुका है। पहले भी कई लोगों के साथ मारपीट कर चुका है। आरोपी भाजपा नेता आशीष का क्षेत्र में रसूख है। जानकारी के मुताबिक, आरोपी की मां नीरा बेहिरे पाटन नगर परिषद की अध्यक्ष रह चुकी है। भाजपा नेता आशीष का साथी पप्पू बर्मन भी आदतन अपराधी है। कुछ माह पहले ही 307 के अपराध में वह जेल से छूटकर आया था। मृतक के भाई अनुराग का कहना है कि 3 माह पहले भी एक आदिवासी युवक के साथ इन लोगों ने मारपीट कर उस पर ही आरोप लगा दिया था कि वह अपराधी है। आदिवासी युवक के खिलाफ ही आरोपियों ने मामला दर्ज करवा दिया था। 

5379487