Logo
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने संगठन पर्व के तहत शनिवार को चिरायु मेडिकल कॉलेज एवं आरकेडीफ कॉलेज के विद्यार्थियों के साथ संवाद किया और उन्हे सदस्यता दिलाई।

भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने संगठन पर्व के तहत शनिवार को चिरायु मेडिकल कॉलेज एवं आरकेडीफ कॉलेज के विद्यार्थियों के साथ संवाद किया और उन्हे सदस्यता दिलाई। इस अवसर पर प्रदेश शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीते 10 सालों में देश का परिदृश्य बदल दिया है। प्रधानमंत्री ने 2047 तक देश को विकसित भारत बनाने का संकल्प लिया है।

प्रधानमंत्री का मानना है कि 2047 के विकसित भारत का नेतृत्व आज की युवा पीढ़ी ही करेगी, इसलिए 1 करोड़ क्रिएटिव और इनोवेटिव युवाओं को जोड़ने की बात कही है। यहां उपस्थित सभी युवाओं से मेरा आग्रह है कि वह विकसित भारत के संकल्प की पूर्ति के लिए आगे आएं। भाजपा से जुड़ें तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं भारतीय जनता पार्टी के विचार को समर्थन दें। प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने महाराणा प्रताप नगर जोन-2 स्थित औरस एकेडमी में युवाओं से संवाद करने के पश्चात न्यू मार्केट पहुंचकर लोगों को भाजपा की सदस्यता दिलाई।

हमारे लिए देश प्रथम, आगे आएं युवा
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि दुनिया में कम्युनिज्म दम तोड़ चुका है और अमेरिका ये महसूस करने लगा है कि पूंजीवाद के सहारे चला नहीं जा सकता। ऐसे में आज सारी दुनिया पं. दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद और अंत्योदय की ओर आशा भरी निगाहों से देख रही है, इन्हें अपना रही है। हमारे लिए राष्ट्र प्रथम है। एक तरफ दुनिया के अन्य देशों में जहां बुजुर्गों की संख्या बढ़ रही है, वहीं भारत दुनिया का सबसे युवा देश है। यही वजह है कि आज सारी दुनिया भारत की ओर देख रही है और भारत दुनिया का नेतृत्व करने के लिए आगे बढ़ रहा है। आज के युवा ही राजनीतिक, सामाजिक और प्रशासनिक दुनिया के सबसे युवा देश का नेतृत्व करेंगे।

मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यही संदेश लेकर आपसे मिलने आया हूं। शर्मा ने कहा कि अमेरिका आज हमारे प्रधानमंत्री के स्वागत में रेड कार्पेट बिछाता है, राष्ट्रपति वर्तमान दौर में साथ सेल्फी लेते हैं। आज भारत यूक्रेन में पढ़ रहे अपने छात्रों को भारत लाने के लिए रशिया-यूक्रेन युद्ध को रुकवा देता है। पहले हमारे प्रधानमंत्री अगर अरुणाचल प्रदेश के दौरे पर जाते थे, तो चाइना आंखें दिखाता था तो प्रधानमंत्री अपना दौरा कैंसल कर देते थे। लेकिन आज हमारे प्रधानमंत्री जब चाहें और जहां चाहें, दौरे पर जाते हैं। 

भाजपा के शासन में आगे बढ़ा मध्यप्रदेश
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि हमने देखा है 2003 के पहले तक मध्यप्रदेश एक बीमारू राज्य था। सड़क, बिजली, पानी की व्यवस्था नहीं थी और कानून व्यवस्था की हालत खराब थी। राजधानी भोपाल में ही कितनी गुंडागर्दी थी, ये हम सभी ने देखी है। भाजपा की सरकार आने के बाद प्रदेश तेजी से आगे बढ़ा है और आज विकसित राज्यों की श्रेणी में आ गया है। जो गुंडे और अपराधी सिर उठाते हैं, उन्हें कुचल दिया जाता है। सबसे पिछड़े कहे जाने वाले बुंदेलखंड क्षेत्र की तस्वीर बदल रही है।

5379487