Logo
मध्यप्रदेश में 16वीं विधानसभा का बजट सत्र कल से शुरू हो रहा है। 19 फरवरी तक चलने वाले सत्र में 9 बैठकें होंगी। मोहन सरकार के वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा अंतिरम बजट पेश कर सकते हैं। इस बार विधानसभा में सवालों की गूंज रहेगी। 2303 सवाल पूछे गए हैं।

भोपाल। मध्य प्रदेश में 16वीं विधानसभा का दूसरा सत्र 7 फरवरी यानी कल से शुरू हो रहा है। मोहन सरकार के वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा अंतिरम बजट पेश कर सकते हैं। अप्रैल-मई में लोकसभा चुनाव होना है, इसलिए सरकार अंतरिम बजट ला रही है। पूर्ण बजट जुलाई में पेश किया जाएगा। सदन की कार्यवाही सात फरवरी को राज्यपाल के अभिभाषण के साथ शुरू होगी। बता दें पहले सत्र में प्रश्नकाल, ध्यानाकर्षण, शून्यकाल नहीं हुए थे, क्योंकि इस सत्र में विधायकों का शपथ ग्रहण और अध्यक्ष का निर्वाचन हुआ था। लेकिन दूसरे यानी बजट सत्र में शासकीय कार्य सहित प्रश्नकाल होगा। विपक्षी दल कांग्रेस ने सरकार की घेराबंदी के लिए सवालों की झड़ी लगा दी है। इस सत्र के लिए विधानसभा सचिवालय तक 2303 सवाल पहुंचे हैं। 

13 दिन तक चलेगा सत्र, 9 बैठकें होंगी 
बता दें कि विधानसभा सत्र की शुरुआत राज्यपाल मंगुभाई के अभिभाषण से होगी।  8 फरवरी से प्रश्नकाल, ध्यानाकर्षण, शून्यकाल सहित अन्य शासकीय कार्य होंगे। 19 फरवरी तक चलने वाले इस सत्र में कुल 9 बैठकें होंगी।

योजनाओं और अन्य गतिविधियों को लेकर पूछे सवाल 

  • बजट सत्र के लिए विधायकों ने 2303 सवाल पूछे हैं।
  • ऑनलाइन सवालों की संख्या सर्वाधिक 1340 हैं, ऑफलाइन 963 हैं।
  • एक दिन में औसतन 288 सवालों के जवाब आएंगे।
  • यह सवाल सरकार की योजनाओं और अन्य गतिविधियों को लेकर पूछे गए हैं।
  • पूरे सत्र के दौरान 233 ध्यानाकर्षण के प्रस्ताव आएंगे।
  • नियम 139 पर भी चर्चा के लिए विधायकों की ओर से सदन में प्रस्ताव दिए गए हैं।
  • पहले दिन प्रश्नोत्तर काल नहीं होगा। 

कांग्रेस ने इन मुद्दों पर सरकार से ज्यादा सवाल किए
बता दें कि प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था पर मोहन सरकार को कांग्रेस घेरती रही है। प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी तो मुख्यमंत्री मोहन यादव को समय-समय पर याद दिलाते रहे हैं कि वे मुख्यमंत्री के साथ राज्य के गृह मंत्री भी हैं। इसलिए कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी भी उनकी है। विधायकों ने कानून व्यवस्था, राज्य में बढ़ते अपराधों के साथ राज्य सरकार में भ्रष्टाचार, किसान, युवाओं, महिलाओं से जुड़े सवाल ज्यादा पूछे हैं।

18 से 21 दिसंबर तक चला था विधानसभा का पहला सत्र 
बता दें मध्यप्रदेश में 16वीं विधानसभा का पहला सत्र 18 दिसंबर से 21 दिसंबर तक चला था। 4 दिनों तक चले सत्र में नवनिर्वाचित सदस्यों का शपथ ग्रहण और अध्यक्ष का निर्वाचन हुआ था। सदन के अन्य जरूरी कामकाज भी निपटाए गए थे। सत्र के शुरुआती दो दिन विधायकों की शपथ हुई थी। बाकी के दो दिन अन्य काम निपटाए गए थे। बता दें विधानसभा चुनाव में बीजेपी को प्रचंड जीत मिली थी। बीजेपी ने 163 सीटों पर विजय हासिल की थी। कांग्रेस को महज 66 सीटें ही जीत पाई थी। एक निर्दलीय विधायक ने भी चुनाव में जीत हासिल की थी। 

5379487