Logo
Gwalior News: मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने गुरुवार को ग्वालियर व्यापार मेले का शुभारंभ किया। सीएम ने कहा कि ग्वालियर मेले के वैभव को और बढ़ाया जाएगा। अंतरराष्ट्रीय स्तर तक ले जाया जाएगा। सरकार इसके लिए प्रयास करेगी।

भोपाल। मुख्यमंत्री मोहन यादव गुरुवार को ग्वालियर दौरे पर थे। सीएम ने ग्वालियर के लगभग सवा सौ साल पुराने ऐतिहासिक मेले का शुभारंभ किया। मोहन यादव ने मंच से माधव राव सिंधिया से लेकर उनके पूर्वजों के योगदान को याद किया। मुख्यमंत्री ने सिंधिया राजवंश द्वारा उज्जैन को विकसित करने में किए गए योगदान खासकर मुगलकाल में तोड़े गए देवालयों की पुनर्स्थापना के बारे में विस्तार से बताया।

22 जनवरी को दिवाली का आनंद मनाएंगे 
सीएम ने कहा कि यहां अभी मेले का आनंद लीजिए और इसी दौरान 22 जनवरी को हम सभी दीवाली का आनंद मनाएंगे। जब रामलला अयोध्या में विराजेंगे। सीएम ने कहा सरकार प्रदेश के देवालयों को सजाएगी आप भी दीप जलाइए, क्योंकि सबसे ज्यादा प्रसन्नता हमें होनी चाहिए कारण ये है कि चित्रकूट हमारे यहां है प्रभु श्री राम ने वनवास के साढ़े ग्यारह साल मप्र में हमारे साथ बिताए थे।   

जनता का आभार देने निकले मुख्यमंत्री यादव
मुख्यमंत्री बनने के बाद दूसरी बार ग्वालियर आए मोहन यादव ने कार्यक्रम की शुरुआत जन आभार यात्रा से की। गोले के मंदिर चौराहे से खुली गाड़ी में सवार होकर निकले मुख्यमंत्री यादव ने हाथ जोड़कर जनता का आभार व्यक्त किया। सात नंबर चौराहा मुरार में यात्रा का समापन हुआ। यहां कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री को फलों से तौला। दो किलोमीटर की जन आभार यात्रा को मुख्यमंत्री ने 28 मिनट में पूरा कर लिया। यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री का जगह-जगह फूल-मालाओं से स्वागत किया गया।

यात्रा में सीएम के साथ ये नेता थे मौजूद 
जन आभार यात्रा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, सामाजिक न्याय व दिव्यांग जन कल्याण एवं उद्यानिकी व खाद्य प्रसंस्करण मंत्री नारायण सिंह कुशवाह, ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, सांसद विवेक नारायण शेजवलकर, जिला अध्यक्ष अभय चौधरी, बीज निगम के पूर्व अध्यक्ष महेन्द्र यादव उपस्थित थे। यात्रा में विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्रसिंह सिंह तोमर भी साथ थे, लेकिन वे कार में थे।

दो साल से घर से दूर इंदौर डयूटी में तैनात जवान घर लौटेंगे
सीएम यादव ने ग्वालियर पुलिस की पहली बैठक में इंदौर पुलिस कमिश्नरेट डयूटी में भेजे 80 जवानों को वापस भेजने का आदेश देकर राहत भी दी। यह पुलिसकर्मी पिछले दो साल से इंदौर में तैनात हैं। सीएम यादव ने कहा यह चलन अब नहीं चलेगा। इंदौर पुलिस को फोर्स मुहैया कराया जाएगा। दो साल से घर से दूर इंदौर डयूटी में तैनात जवान घर लौटेंगे। उनकी वापसी से ग्वालियर में भी फोर्स की कमी दूर होगी। 

ट्रैफिक सुधारने की प्लानिंग, जमीन रिजर्व करो 
सीएम ने पुलिस अधिकारियों से कहा शहर की पहचान ट्रैफिक इंतजाम से भी होती है। इसे सुधारने के लिए बेहतर प्लानिंग करो। लोगों को जाम से निजात मिलना चाहिए। इसके अलावा उन्होंने पुलिस अफसरों से कहा नेशनल हाइवे समेत जिला और शहर को जोड़ने वाले दूसरे रास्तों पर पुलिस की मौजूदगी होना चाहिए। इसलिए इन रास्तों पर थाना, पुलिस चौकी और बटालियन के लिए जमीन आरक्षित कराओ। 

मुख्यमंत्री आज रीवा दौरे पर रहेंगे
मुख्यमंत्री मोहन यादव शुक्रवार को रीवा दौरा पर रहेंगे।  कार्यक्रम को लेकर शहर के एनसीसी ग्राउंड में तैयारियां कर ली गई हैं।  पंडाल और स्टेज बनकर तैयार हो गया है। 2 दिनों से रीवा में मौसम के हाल को देखते हुए पूरे पंडाल को वाटर प्रूफ भी बनाया है। मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए स्वामी विवेकानंद पार्क से लेकर व्यंकट भवन के बीच 32 की संख्या में स्वागत मंच तैयार किए जा चुके हैं। मोहन यादव रीवा में साढ़े चार घंटे तक रुकेंगे। दोपहर 12 बजे रीवा पहुंचेंगे और शाम साढ़े चार बजे तक रीवा में रहने वाले हैं।  

5379487