Logo
राजस्थान के चित्तौड़गढ़ से निर्दलीय विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने बड़ा बयान दिया है। चंदेरिया मंडल में चंद्रभान ने कहा कि निर्दलीयों की बारात कहां जाएगी, इसकी चिंता करने की किसी को जरूरत नहीं। इस बारात ने अच्छे-अच्छों की जमानत जब्त करवा दी है।

जयपुर। राजस्थान की चित्तौड़गढ़ विधानसभा सीट से निर्दलीय विधायक चंद्रभान सिंह आक्या लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुटे हैं। चंद्रभान अलग-अलग मंडलों में कार्यकर्ता सम्मेलन कर रहे हैं। रविवार को विधायक चंदेरिया मंडल के कार्यकर्ता सम्मेलन में पहुंचे। यहां विधायक चंद्रभान सिंह ने विरोधियों पर जमकर निशाना साधा। विधायक ने बीजेपी के कुछ पदाधिकारियों का नाम लिए बिना कहा कि बहुत जने बातें कर रहे हैं कि यह बारात कहां जाएगी और कहां उठेगी। मैं उन सभी को कहना चाहता हूं कि यह निर्दलीयों की बारात है।

उसकी चिंता आपको करने की जरूरत नहीं है। इस बारात ने अच्छे-अच्छों की जमानत जब्त करवा दी है। यहां तक की अच्छे बूथों की और अच्छे मजबूत नेताओं की जमानत जब्त कर दी है। हम मजबूत हैं, इसलिए हमारी चिंता करने की जरूरत नहीं है। चुनाव की बात करने वाले वे लोग कौन होते हैं। कभी खुद चुनाव लड़के देखो, आपकी खुद की भी जमानत जब्त हो जाएगी। 

विधायक ने उनके साथ हुए धोखे का जिक्र किया
बता दें कि  2023 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने चंद्रभान सिंह आक्या का टिकट काटकर वरिष्ठ नेता नरपत सिंह राजवी को दिया था। चुनाव में राजवी की जमानत जब्त हो गई थी। चित्तौड़गढ़ सीट से निर्दलीय चुनाव जीतने वाले आक्या ने भाजपा नेता नरपत सिंह राजवी के साथ हुए धोखे का जिक्र किया। साथ ही अवसरवादी लोगों को वे दिन याद करने के लिए कहा, जब विधायक (आक्या) ने उनका साथ दिया था। 

'विधानसभा की जीत का घमंड मत करो, लोकसभा की तैयारी में जुटो'
चंदेरिया मंडल के कार्यकर्ता सम्मेलन में आक्या ने अपने कार्यकर्ताओं को लोकसभा चुनाव की तैयारी करने के लिए मोटिवेट किया। विधायक ने कहा कि इस विधानसभा चुनाव में सब लोगों ने खूब ताने सुने हैं। खूब बातें सुनी हैं, उल्हाने सुने हैं। उसके बाद भी वे मेरे साथ खड़े रहे। इसीलिए आज हमारी चुनाव में जीत हासिल हुई है, लेकिन इसके लिए घमंड मत करना। अब लोकसभा चुनाव के लिए सभी को अभी से तैयारी शुरू करनी है। हर एक वार्ड में जाकर विकास कार्य करवाना है। साथ ही लोगों की हर समस्या को जानकर उन्हें सुलझाना है।

5379487