Logo
CM Mohan Yadav New Core Team: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री सचिवालय में पहली बार अपर मुख्य सचिव स्तर के अधिकारी की नियुक्ति के बाद कोर टीम के बीच विभागों का बंटवारा कर दिया गया है। 

CM Mohan Yadav New Core Team: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की कोर टीम में शामिल अधिकारियों के बीच विभागों का बंटवारा कर दिया गया है। इस टीम में अपर मुख्य सचिव सहित दो प्रमुख सचिव और एक सचिव के बीच काम बांटा गया है। खास बात यह है कि अपर सचिव और उप सचिव को सीधे विभागों की जिम्मेदारी नहीं दी गई है।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री सचिवालय में पहली बार अपर मुख्य सचिव स्तर के अधिकारी की नियुक्ति के बाद कोर टीम के बीच विभागों का बंटवारा कर दिया गया है। यह बंटवारा अपर मुख्य सचिव राजेश राजौरा, प्रमुख सचिव संजय शुक्ला, राघवेन्द्र सिंह, और सचिव भारत यादव के बीच हुआ है। मुख्यमंत्री सचिवालय में इस बार अपर सचिव और उप सचिव को अपर मुख्य सचिव को रिपोर्ट करना होगा। उन्हें विभागों की सीधी जिम्मेदारी नहीं सौंपी गई है, जिससे मुख्यमंत्री सचिवालय की पूरी कमान चार अधिकारियों के हाथों में होगी।

किस अधिकारी की क्या भूमिका?

1) राजेश राजौरा, अपर मुख्य सचिव
सभी विभागों के कामों पर निगाह रखेंगे।  मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणाओं का अमल सुनिश्चित करेंगे।

2) संजय शुक्ला, प्रमुख सचिव
गृह और वित्त विभाग सहित कई महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी संभालेंगे। कानून व्यवस्था, नगरीय प्रशासन एवं आवास, पंचायत एवं ग्रामीण, परिवहन, सामान्य प्रशासन, विधि एवं विधायी, पीएचई, चिकित्सा शिक्षा विभाग, वन विभाग, और ऊर्जा विभाग भी देखेंगे।

3) राघवेन्द्र सिंह, प्रमुख सचिव
शिक्षा व्यवस्था, जिसमें स्कूल और उच्च शिक्षा विभाग शामिल हैं, की जिम्मेदारी संभालेंगे। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, सामाजिक न्याय जैसे विभाग भी देखेंगे।

4) भारत यादव, सचिव
जनसंपर्क विभाग का जिम्मा संभालेंगे ताकि प्रदेश सरकार की छवि को चमकाए रख सकें। वाणिज्यिक कर, सहकारिता विभाग, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, और कृषि विभाग की जिम्मेदारी भी संभालेंगे।

कौन अधिकारी किस पर भारी?
मुख्यमंत्री सचिवालय में अपर मुख्य सचिव के रूप में राजेश राजौरा की नियुक्ति का यह पहला मौका है। इससे पहले प्रमुख सचिव स्तर के ही अधिकारी होते थे। सीएम ऑफिस में राजेश राजौरा के अलावा प्रमुख सचिव संजय शुक्ला को भी हाल ही में नियुक्त किया गया था, जबकि प्रमुख सचिव राघवेन्द्र सिंह और सचिव भारत यादव पहले से कार्यरत थे। अब इन अधिकारियों के बीच विभाग बांटकर उनकी भूमिकाएं स्पष्ट कर दी गई हैं। महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी संजय शुक्ला और भारत यादव को सौंपी गई है, जिससे वे पावरफुल माने जा रहे हैं।

5379487