Logo
MP Good News: मध्यप्रदेश के जबलपुर में नर्मदा नदी के किराने देश का पहला जियो पार्क बनाने की तैयारी है। पार्क में 5डी फिल्मों के साथ लोग भू संस्कृति से लेकर अंतरिक्ष के रोमांचक रहस्य जान सकेंगे।

भोपाल। जबलपुर में लम्हेटा-भेड़ाघाट के बीच 12 हेक्टेयर भूखंड में देश के पहले जियो पार्क का निर्माण किया जाएगा। यहां 5डी फिल्मों के साथ लोग भू-संस्कृति से लेकर अंतरिक्ष के रोमांचक रहस्य जान सकेंगे। विश्व स्तरीय संग्रहालय में 3डी मॉडलिंग, थीमेटिक डिज़ाइन, इंटरैक्टिव टच टेबल जैसी अत्याधुनिक तकनीक का उपयोग भी किया जाएगा। संग्रहालय कई भागों में विभाजित रहेगा। जिसमें बच्चों से लेकर बड़ों तक और जियोलॉजिकल स्टडी कर रहे स्कॉलर्स के लिए भी कई विशेष सेक्शन रहेंगे। यह जानकारी गुरुवार को भोपाल में आयोजित बैठक में प्रोजेक्ट से जुड़े अधिकारियों ने दी। लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने प्रोजेक्ट की समीक्षा की।

जियो पार्क में डायनासोर की एक प्रतिकृति भी बनाई जाएगी
संग्रहालय में मध्य प्रदेश के 13 भौगोलिक क्षेत्रों को उनके भौगोलिक-सांस्कृतिक महत्व एवं धरोहर के साथ बेहद आकर्षक तरीके से प्रस्तुत किया जाएगा। जियो पार्क में डायनासोर की एक विशाल प्रतिकृति भी बनाई जाएगी। यहां एक आकर्षक नेचर वॉक भी बनाई जाएगी, जहां सैलानी प्रकृति के साथ जुड़ाव महसूस कर पाएंगे। बैठक में मध्यप्रदेश पर्यटन विभाग, जियोलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया के अधिकारी शामिल थे, कलेक्टर दीपक सक्सेना वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए। 

जियो पार्क मील का पत्थर साबित होगा: मंत्री राकेश सिंह
लोक निर्माण विभाग मंत्री राकेश सिंह ने जिओ पार्क की स्थापना और उसकी परियोजना को लेकर मंत्रालय में बैठक की। परियोजना की विस्तृत जानकारी प्राप्त कर विभिन्न निर्देश दिए। राकेश सिंह ने कहा कि जबलपुर में बनने वाला देश का पहला जियो पार्क जियोलॉजिकल संरचनाओं के साथ-साथ मानव सभ्यता के विकास के अध्ययन, पर्यटन और संस्कृति के विकास में भी मील का पत्थर साबित होगा। मंत्री ने यह भी कहा की भेड़ाघाट-लम्हेटाघाट जियोलॉजिकल गतिविधियों के लिए दुनिया भर में जाने जाते हैं। 

हजारों पेड़ों के बीच में स्ट्रक्चर बनाए जाएंगे
बैठक में कार्य के लिए चयनित एजेंसी ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से संपूर्ण परियोजना का प्रस्तुतीकरण किया। प्रेजेंटेशन में बताया कि जियो पार्क में जो भी निर्माण होगा वह प्रकृति के साथ पूरे तालमेल में रहेगा और काफी मनमोहक होगा। हजारों पेड़ों के बीच में स्ट्रक्चर बनाए जाएंगे जिससे लोगों को एक नया अनुभव मिलेगा।  जियोलॉजिकल पार्क की स्थापना का कार्य पर्यटन विभाग के माध्यम से कराया जा रहा है। जियो पार्क को लेकर जल्द ही जबलपुर में बैठक होगी।

5379487