Logo
कटनी बस स्टैंड के पास यादव टी स्टाॅल होटल के सिलेंडर फटने से आग लग गई। कुछ ही समय बाद होटल में रखा दूसरा सिलेंडर बम की तरह ब्लास्ट हो गया। धमाके के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

MP News: कटनी जिले के बड़वारा थाना क्षेत्र के विलायतकला गांव में बस स्टैंड के पास यादव टी स्टाॅल होटल के सिलेंडर में आग लग गई और सिलेंडर ब्लास्ट हो गया। कुछ ही समय बाद होटल में रखा दूसरा सिलेंडर बम की तरह ब्लास्ट हो गया। धमाके के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। वहां पर मौजूद लोग इधर-उधर भागने लगे।

सोशल मीडिया में सिलेंडर के ब्लास्ट होने का वीडियो भी वायरल हो रहा है। इस हादसे में पांच लोग झुलसे हैं, जिसमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। तीनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उनका इलाज किया जा रहा है।

हादसे के बाद मची अफरा-तफरी
होटल में सिलेंडर फटने के बाद घटना पर मौजूद लोग उसके चपेट में आ गए। जो कुछ दूर रहे वो भागकर जान बचाते नजर आए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां गंभीर अवस्था में इलाज जारी है।

पुलिस ने बताया
बड़वारा थाना प्रभारी अनिल यादव ने बताया कि विकायतकला गांव के बस स्टैंड में मनोज यादव और उसके छोटे भाई लाला यादव टी स्टाॅल के नाम से होटल संचालित करता है। शुक्रवार देर शाम सिलेंडर में रिसाव के कारण आग लग गई है। आग पर काबू पाने से पहले ही होटल में रखा एक दूसरा गैस सिलेंडर ब्लास्ट हो गया। गैस सिलेंडर फटने से दुकान संचालक मनोज और उसका छोटा भाई लाला सहित एक अन्य युवक गंभीर रूप से झुलस गए हैं। इसके अलावा दो लोग और घायल हुए हैं। गंभीर रूप से घायल हुए लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उनका इलाज जारी है।

Khandava News: इसके अलावा खंडवा के भिलाईखेड़ा गांव में आग लग गई। जिसमें शुक्रवार देर रात आग से 3 रहवासी झोपड़ियां जल गई। मकान जलकर राख हो गए, हादसे की वजह शार्ट सर्किट होना बताया गया है। तीनों मकानों में लोग परिवार सहित रहते थे। अचानक आग लगने से अफरातफरी मच गई और लोगों ने घर खाली किए। आग को शनिवार सुबह के समय बुझाई गई।

पिपलोद थाना क्षेत्र अंतर्गत भिलाईखेडा में भीषण आग के बाद प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचकर मुआयना किया। हालांकि कोई जनहानि नहीं हुई है। लेकिन आग के कारण घर में रखा उपयोगी सामान आग में जलकर नष्ट हो गया।। अनाज, कपड़े सहित गृहस्थी का पूरा सामान जल गया है। राजस्व विभाग का अमला भी गांव पहुंचा और नुकसानी का आंकलन किया जा रहा। पीड़ित ने मुआवजा की गुहार लगाई है।

एडिशनल एसपी महेंद्र तारणेकर ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर शार्ट सर्किट से आग लगने की बात सामने आ रही है। आगजनी का मामला दर्ज कर लिया गया और घटना की जांच की जा रही है। जिनका घर आग की चपेट में आ गया है उनका नाम मोहन सिंह पिता रूपाल सिंह, रमेश पिता बुधा तथा बुधा पिता रूपाल सिंह है।

5379487