Logo
Gwalior Road Accident: मध्यप्रदेश के ग्वालियर में दर्दनाक हादसा हो गया। सीवर लाइन के गड्‌ढे में एक्टिवा सवार दो दोस्त गिर गए। दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया। डॉक्टर ने एक को मृत घोषित कर दिया।

Gwalior Road Accident: सीवर लाइन के गड्ढे ने पार्षद के भतीजे की जान ले ली। स्कूटी से अपने दोस्त के साथ घर लौट रहा पार्षद का भतीजा एक्टिवा सहित गड्‌ढे में गिर गया। एक्सीडेंट में घायल हुए दोनों को अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टर ने पार्षद के भतीजे को मृत घोषित कर दिया। दूसरे घायल का इलाज चल रहा है। दर्दनाक हादसा ग्वालियर की नगर-दामोदर बाग कॉलोनी के पास हुआ। 

पार्षद ने नगर निगम और स्मार्ट सिटी लगाए आरोप
भतीजे की मौत से गुस्साए पार्षद शकील मंसूर ने नगर निगम और स्मार्ट सिटी पर लापरवाही का आरोप लगाया है। पार्षद का कहना है कि बीच सड़क पर खोदे गए गड्‌ढे के चारों ओर संकेतक नहीं लगाए गए। साथ ही, वहां लगी स्ट्रीट लाइट भी कई दिनों से बंद पड़ी है। इस तरह गड्‌ढा खुला छोड़ना गलत है। पिछले कुछ साल में सड़क के गड्ढों ने कई लोगों की जान ली है। 

घर लौट रहे थे दोनों 
जानकारी के मुताबिक, माधौगंज लक्कड़खाना निवासी शाहिद (26) पुत्र इकबाल आफरीदी पेशे से कारपेंटर था। शाहिद के मामा शकील मंसूरी नगर निगम में वार्ड 10 से कांग्रेस पार्षद हैं। शुक्रवार रात 12:30 बजे शाहिद अपने साथी मोहसिन खान के साथ एक्टिवा से घर लौट रहा था। सड़क पर स्ट्रीट लाइट बंद थी।

अंधेरे में नहीं दिखा गड्ढा
आनंद नगर-दामोदर बाग कॉलोनी के पास मुस्कान वाटिका के सामने बीच सड़क पर सीवर लाइन का गड्‌ढा खुदा पड़ा है। अंधेरे के कारण स्कूटी सवार दोनों को गड्ढा नहीं दिखा। दोनों एक्टिवा समेत गड्‌ढे में गिर गए। सिर के बल गिरने से दोनों को गंभीर चोट आई। सूचना पर बहोड़ापुर पुलिस पहुंची और दोनों को अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने शाहिद को मृत घोषित कर दिया। मोहसिन की हालत गंभीर है।

5379487