Logo
दिल्ली किसान आंदोलन की हलचल MP में भी सुनाई दे रही है। आंदोलन में शामिल होने जा रहे कर्नाटक के किसानों को भोपाल में ट्रेन से जबरदस्ती उतार लिया। मंगलवार को किसानों को उज्जैन ले जाया गया है। मामले में दिग्विजय सिंह ने सरकार पर निशाना साधा है।

भोपाल।  दिल्ली में हो रहे किसान आंदोलन की हलचल मध्यप्रदेश में भी सुनाई दे रही है। आंदोलन में शामिल होने जा रहे कर्नाटक के किसानों को भोपाल में ट्रेन से जबरदस्ती उतार लिया गया। मंगलवार को किसानों को उज्जैन ले जाया गया है। 70 से ज्यादा किसानों को भोपाल के अशोका गार्डन इलाके के मनभा मैरिज गार्डन में ठराया गया था। इनमें 30 महिलाएं भी हैं। किसानों का कहना है कि उन्हें जबरदस्ती ट्रेन से उतारा गया है। वापस कर्नाटक जाने के लिए कहा गया है। किसानों ने यह भी कहा कि भोपाल पुलिस ने सोमवार तड़के 3 बजे जबरदस्ती ट्रेन से उतार लिया था। आज किसानों को उज्जैन लाया गया।किसानों का आरोप है कि पुलिस की वजह से एक महिला भी घायल हो गई। उसके सिर में सिर में चोट आई है । 

ट्रेन से वीडियो बनाकर किया वायरल 
किसानों के साथ मौजूद परशुराम यतिनागुड्डा ने ट्रेन से वीडियो जारी किया है। किसानों ने बताया कि उनको दर्शन कराने उज्जैन लेकर जाया जा रहा है। उज्जैन में महाकाल के दर्शन करने का कहकर ले जाया जा रहा है। दिल्ली में हो रहे किसानों के कार्यक्रम में शामिल होने जाना चाहते थे लेकिन मध्य प्रदेश पुलिस ने उन्हें रास्ते में रोक लिया है। 

दिग्विजय की पोस्ट: भाजपा जब जब डरती है, पुलिस को आगे करती है 
मामले को मध्यप्रदेश के पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने सरकार पर निशाना साधा है। दिग्विजय ने सोशल मीडिया एक्स (X) पर लिखा है कि-भाजपा जब जब डरती है पुलिस को आगे करती है।  दिग्विजय ने एक्स पर लिखा कि- आज सुबह कर्नाटक की किसान आंदोलन में भाग लेने जा रही महिलाओं को पुलिस हिरसात में जबरिया उज्जैन ले जाया जा रहा है।

जीतू की पोस्ट: जब-जब तानाशाह डरता है, पुलिस को आगे करता है 
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने एक्स पर Tweet कर सरकार पर हमला बोला है। जातू ने लिखा है कि जब-जब तानाशाह डरता है। पुलिस को आगे करता है। किसान आंदोलन में दिल्ली जा रहे  कर्नाटक के किसानों को मंगलवार सुबह उज्जैन लाया गया। ये वही किसान हैं, जिन्हें सोमवार रात  भोपाल रेलवे स्टेशन पर कर्नाटक एक्सप्रेस ट्रेन से उतार लिया गया था। मैं मध्यप्रदेश भाजपा सरकार के इस कदम की निंदा करता हूं। यह भी कहना चाहता हूं कि डॉ.मोहन यादव सरकार केंद्र की तानाशाही के इशारे पर अपना किसान विरोधी चेहरा साफ तौर पर सामने ले आई है।  लोकतंत्र में अपनी बात रखने का सभी को अधिकार है। लेकिन भाजपा सरकार का डर बता रहा है कि वह किसानों को किसी भी कीमत पर दिल्ली नहीं पहुंचने देना चाहती है। कांग्रेस इस अत्याचार का विरोध करती है।

चार राज्यों के बार्डर सील, इंटरनेट बंद 
दिल्ली में किसानों का आंदोलन चल रहा है। 12 फरवरी की रात चंडीगढ़ में साढ़े 5 घंटे चली मीटिंग में किसान नेताओं और केंद्रीय मंत्रियों के बीच न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) गारंटी कानून और कर्ज माफी पर सहमति नहीं बन पाई। इसके बाद किसान मजदूर मोर्चा के संयोजक सरवण सिंह पंधेर ने दिल्ली कूच का ऐलान कर दिया। आंदोलन को देखते हुए दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के बॉर्डर सील हैं। हरियाणा के 7 जिलों में इंटरनेट बंद है। 15 जिलों में धारा 144 लागू की गई है। हरियाणा और दिल्ली के सिंघु और टिकरी बॉर्डर भी सील कर दिए गए हैं। दिल्ली में भी कड़ी बैरिकेडिंग की गई है। यहां एक महीने के लिए धारा 144 भी लागू कर दी गई है।  

5379487