Logo
MP BJP Office Celebration: हरियाणा विधानसभा चुनाव में तीसरी बार भाजपा को बहुमत मिलने की खुशी में मध्यप्रदेश भाजपा ने जश्न मनाना शुरू कर दिया है। MP भाजपा कार्यालय में जमकर ढोल-नगाड़े बजे। नेताओं ने एक दूसरे को जलेबी खिलाकर मुंह मीठा कराया।

MP BJP Office Celebration: हरियाणा विधानसभा चुनाव में तीसरी बार भाजपा को बहुमत मिलने की खुशी में मध्यप्रदेश भाजपा ने जश्न मनाना शुरू कर दिया है। भोपाल में प्रदेश भाजपा कार्यालय में जमकर ढोल-नगाड़े बजाए गए। एमपी भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा को बीजेपी नेताओं ने जलेबी खिलाकर मुंह मीठा कराया। वीडी शर्मा ने कहा कि हरियाणा में ऐतिहासिक बहुमत मिला। जम्मू कश्मीर में भी पार्टी मजबूत हुई है। पीएम मोदी के नेतृत्व को अमित शाह, जेपी नड्डा की रणनीति और कार्यकर्ताओं की मेहनत से हरियाणा की जनता ने राहुल गांधी की जलेबी बना दी है। 

देश का विश्वास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ 
वीडी शर्मा ने कहा कि हरियाणा में लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार बनने जा रही है। जम्मू कश्मीर में भी पार्टी ने अच्छा प्रदर्शन किया है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व को जनता ने आशीर्वाद दिया है। आज हरियाणा की जनता ने आशीर्वाद देकर यह तय कर दिया है कि देश का विश्वास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के साथ है। पार्टी के बूथ-बूथ के कार्यकर्ताओं ने सजग प्रहरी की तरह काम किया उसी का परिणाम है कि हम हरियाणा में लगातार तीसरी बार विजय हासिल की और जम्मू कश्मीर में भी अच्छा प्रदर्शन किया।

रामेश्वर शर्मा ने बनाई जलेबी

भोपाल की हुज़ूर विधानसभा से विधायक रामेश्वर शर्मा ने हरियाणा में भाजपा की जीत की खुशी मनाते हुए खुद जलेबी बनाई। रामेश्वर ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर जलेबी बनाते हुए का वीडियो भी शेयर किया है। 

जम्मू-कश्मीर की जीत पर बनाई जलेबी 
जम्मू-कश्मीर में नेशनल कॉन्फ्रेंस और कांग्रेस गठबंधन को बढ़त की खबर के बाद भोपाल में कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा गया। कांग्रेस प्रवक्ता अमित शर्मा ने पीसीसी कार्यालय के बाहर स्टॉल लगाकर खुद जलेबी बनाकर लोगों को खिलाई। अमित शर्मा ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में पिछले 10 सालों से मोदी सरकार हिटलरशाही और तानाशाही तरीके से लोगों को विभाजित करने की मंशा से शासन कर रही थी, जिसका आज अंत हो गया है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने लाल चौक पर कहा था कि यह देश भाईचारे, एकता और संविधान के आधार पर चलेगा, और आज उसी संविधान और भाईचारे की जीत हुई है।

इसलिए चर्चा में आई जलेबी 
बता दें कि हरियाणा चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने गोहाना की मशहूर जलेबी का स्वाद लिया और इसकी खूब तारीफ की। राहुल ने कहा था कि गोहाना की जलेबी का स्वाद न केवल भारत में, बल्कि दुनियाभर में पहुंचना चाहिए। कांग्रेस की विजय संकल्प रैली के दौरान राहुल गांधी ने मंच से कहा था कि उन्होंने अपने जीवन की सबसे बेहतरीन जलेबी यहीं खाई है। राहुल ने कहा कि अगर यह जलेबी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहुंचेगी तो इसकी दुकान शायद एक फैक्ट्री में बदल जाएगी, जिससे हजारों लोगों को रोजगार मिलेगा।

5379487