Logo
Karva Chauth: मां चामुण्डा दरबार के पुजारी रामजीवन दुबे ने बताया कि रविवार की सुबह भद्राकाल 06:24 पर शुरू हो गई थी। जिसका समापन सुबह 06 बजकर 46 मिनट पर होने के बाद सुहागिन महिलाओं ने निर्जला व्रत का संकल्प लिया।

कपिल देव श्रीवास्तव, भोपाल

Karva Chauth: कार्तिक कृष्ण पक्ष चतुर्थी पर रविवार को अखंड सौभाग्य के लिए महिलाओं ने निर्जला व्रत रखकर करवा चौथ पूजन की। रात करीब 8:16 बजे आसमान में जैसे चंद्रमा की झलक दिखाई दी। महिलाओं ने चलनी की ओट से दर्शन कर अर्घ्य दिया और पूजा कर पति की दीर्घायु के लिए प्रार्थना की। उसके बाद उसी छलनी से पतिदेव के दर्शन किए। इसके बाद पति के हाथ से अन्न जल ग्रहण कर करवा चौथ का निर्जला व्रत खोला। पति की लंबी उम्र की कामना की। साथ ही सास-ससुर के पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया। तो वहीं दो साल बाद कई जगहों पर सामूहिक कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया।

मां चामुण्डा दरबार के पुजारी रामजीवन दुबे ने बताया कि रविवार की सुबह भद्राकाल 06:24 पर शुरू हो गई थी। जिसका समापन सुबह 06 बजकर 46 मिनट पर होने के बाद सुहागिन महिलाओं ने निर्जला व्रत का संकल्प लिया। घरों में भगवान गणेश, कार्तिकेय व चौथ माता की पूजा-अर्चना की। पूजन के साथ-साथ व्रतधारी महिलाओं ने सुहागिन महिलाओं को हल्दी कुमकुम लगाकर सुहाग की सामग्री भेंट की। अखंड सौभाग्य के लिए आशीर्वाद मांगा। देर शाम को व्रतधारी महिलाएं चांद निकलने का इंतजार करती नजर रहीं। इस दौरान बार-बार छतों पर खड़े होकर महिलाएं आसमान की ओर देखती नजर आईं।

सुहागिनों ने करवे की पूजा कर सुनी कथा सुहागिनों ने दुल्हन की तरह सजधज कर शिव-पार्वती और करवे की पूजा की। इस मौके पर उन्होंने पर्व से जुड़ी वीरावती की कथा भी सुनी।

यहां हुए सामूहिक कार्यक्रम
कुछ जगहों पर सामूहिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसके तहत टीला जमालपुरा के शीतला माता मंदिर,गुफा मंदिर,श्रीकृष्ण मंदिर तलैया। इसके अलावा राजधानी के कटारा हिल्स क्षेत्र गौरीशंकर परिसर में महिलाओं ने सामूहिक रूप से करवा चौथ की पूजा-पाठ की। जे ब्लॉक कैनाल किनशिप सलैया में सामूहिक करवा चौथ की पूजन की गई।

रेम्या चौधरी ने बताया कि ब्लॉक की सभी महिलाओं ने मिलकर पूजा-पाठ की। पंजाबी सनातन समाज ( महिला विंग) द्वारा करवा माता का पूजन कर वीरा वाती की कथा सुनकर करवा चौथ का त्यौहार मनाया गया। समाज के रिंकू भटेजा बताया कि सनातन पंजाबी समाज (महिला विंग) द्वारा समाज की संरक्षक सरोज कपूर के निज निवास अरेरा कॉलोनी में करवा माता का पूजन कर वीरावती की कथा सुनकर  करवा चौथ का त्यौहार मनाया गया।

इसी तरह राठौर समाज की ओर से सामूहिक करवा चौथ पूजा-पाठ की गई। तो वहीं पूजन के बाद कई महिलाएं अपने परिजनों के साथ खाना-खाने के लिए होटलों में पहुंची। इसके चलते होटले के सामने लंबी-लंबी वाहनों की लाइन लग गई। एमपी नगर,न्यू मार्केट,होशंगाबाद रोड़ पर स्थित ढ़ाबों व होटले के सामने जाम लग गया।

5379487