Logo
बीजेपी ने लोकसभा चुनाव के लिए तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। शनिवार को पार्टी के अध्यक्ष जेपी नड्डा ने चुनाव प्रभारियों की लिस्ट जारी कर दी है। मध्य प्रदेश में चुनाव प्रभारी के रूप में महेंद्र सिंह और सतीश उपाध्याय को नियुक्त किया है।

भोपाल। भाजपा ने लोकसभा चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी हैं। शनिवार को भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने लोकसभा चुनाव के लिए प्रभारियों की नियुक्ति कर दी है। महेंद्र सिंह को मध्य प्रदेश का लोकसभा चुनाव प्रभारी और सतीश उपाध्याय को सह प्रभारी नियुक्त किया है। भारतीय जनता पार्टी के राष्‍ट्रीय महासच‍िव व मुख्‍यालय प्रभारी अरुण सिंह ने 23 राज्‍यों के लोक सभा प्रभारी व सहप्रभार‍ियों की ल‍िस्‍ट जारी की है। बता दें कि महेंद्र सिंह उत्तर प्रदेश विधानमंडल के सदस्य हैं। वहीं सतीश उपाध्याय दिल्ली भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं।

विधानसभा में BJP ने भूपेंद्र यादव को बनाया था चुनाव प्रभारी 
बता दें कि इससे पहले हुए विधानसभा चुनाव में केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव चुनाव प्रभारी और केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव को सह प्रभारी बनाया गया था। विधानसभा की तर्ज पर ही राजनीतिक दल अभी से सक्रिय हो गए हैं और अपनी-अपनी रणनीति बनाने में जुटे हुए हैं। जबकि चुनाव आयोग ने लोकसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान नहीं किया है।  मध्यप्रदेश में 29 सीटों पर लोकसभा के चुनाव होंगे। इनमें से 28 सीटों पर भाजपा है, जबकि एक सीट पर कांग्रेस है। एक सीट छिंदवाड़ा की सीट है, जो पूर्व सीएम कमलनाथ के बेटे नकुल नाथ के पास है।

महेंद्र राजनेता के साथ-साथ वकील भी हैं  
जानकारी के मुताबिक, महेंद्र सिंह एक राजनेता के साथ-साथ वकील भी हैं। उनका जन्म उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में हुआ था। उनके पास डॉक्टर की डिग्री है। 1992 में सिंह ने लखनऊ विश्वविद्यालय से स्नातक की डिग्री प्राप्त की। इसके बाद डॉक्टर महेंद्र सिंह ने साल 1995 में पोस्ट-ग्रेजुएशन किया। वर्ष 2003 में उन्होंने अपनी पीएचडी पूरी की। महेंद्र 2012 से उत्तर प्रदेश के विधान परिषद (एमएलसी) के सदस्य हैं। महेंद्र सिंह असम राज्य प्रभारी रहे हैं। असम विधान सभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को भारी सफलता का मिली थी। 

इन राज्यों में इन्हें मिली जिम्मेदारी 
उत्‍तर प्रदेश में वैजयंता पांडा, उत्‍तराखंड में दुष्‍यंत कुमार गौतम, पुंडुचेरी में न‍िर्मल कुमार राणा, केरल में प्रकाश जावड़ेकर, लददाख में तरुण चुघ, लक्ष्‍यद्वीप में अरव‍िंद मेनन, झारखंड में लक्ष्‍मीकांत बाजपेयी सांसद, चंडीगढ़ में विजयभाई रूपाणी व‍िधायक, अंडमान एवं न‍िकोबार में वाइ सत्‍या कुमार, अरुणाचल प्रदेश में अशोक सिंघल को चुनाव प्रभारी बनाया है। 

कांग्रेस ने महेंद्र सिंह को बनाया वार रूम प्रभारी 
कांग्रेस ने भी लोकसभा चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी हैं। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने महेन्द्र सिंह चौहान को लोकसभा चुनाव के वार रूम का चेयरमैन बनाया है। वहीं ललित सेन और अलमास सलीम को को-चेयरमैन नियुक्त किया है।

5379487