Logo
मध्य प्रदेश में भाजपा-कांग्रेस दोनों दलों की बैठक हुई। CM डॉ मोहन यादव ने मंत्रियों को लोकसभा में सीट वार जिम्मेदारी सौंपने और कांग्रेस प्रभारी ने समय पर टिकट घोषित करने की बात कही...   

भोपाल। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान सहित पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव संपन्न होते ही राजनीतिक दलों ने लोकसभा चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है। मंगलवार को भाजपा ने पश्चिम बंगाल में बड़ी बैठक कर पार्टी की स्टेट इकाई को 35 सीटें जीतने का लक्ष्य दिया है। वहीं कांग्रेस प्रेसिडेंट मल्लिकार्जुन खरगे व राहुल गांधी ने दिल्ली में बिहार व जम्मू कश्मीर प्रदेश कांग्रेस के नेताओं संग बैठक कर जरूरी परामर्श दिया। 

मप्र में भी भाजपा-कांग्रेस की बैठकें
मध्य प्रदेश में भी भाजपा-कांग्रेस दोनों दलों की बैठक हुईं। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने नवनियुक्त मंत्रियों की बैठक कर क्षेत्र में सक्रिय रहने के निर्देश दिए। वहीं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी व स्टेट इंचार्ज भंवर जितेंद्र सिंह ने पार्टी के सीनियर नेताओं से चर्चा कर लोकसभा तैयारियों पर चर्चा की।

 

क्षेत्रवार तय होगी मंत्रियों की जिम्मेदारी
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कैबिनेट के सभी सदस्यों की बैठक कर प्रशासनिक काम-काज में कसावट लाने और क्षेत्र में सक्रिय रहने के निर्देश दिए हैं। कहा, लोकसभा चुनाव नजदीक है। इसके लिए पूरी ताकत से जुटने की जरूरत है। जल्द ही सभी मंत्रियों की लोकसभा सीटवार जिम्मेदारी तय कर दी जाएगी।

Congress meeting
कांग्रेस कार्यालय में बैठक में शमिल प्रदेश भर के नेता

भाजपा से नहीं हम नेताओं की गुटबाजी से हारे
प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी भंवर जितेंद्र सिंह ने पार्टी के जिलाध्यक्ष, संगठन प्रभारी और वरिष्ठ नेताओं की बैठक कर विधानसभा चुनाव में मिली हार की समीक्षा की। साथ ही लोकसभा के लिए रोडमैप तैयार किया। बैठक में प्रदेशभर से शामिल कांग्रेस नेताओं ने भी सुझाव दिए।  छतरपुर जिलाध्यक्ष ने हार का ठीकरा गुटबाजी पर फोड़ा। कहा, हम भाजपा से नहीं, बल्कि पार्टी के नेताओं की वजह से ही हारे हैं।

 

सीनियर नेता भी लड़ें चुनाव, जल्द घोषित हों प्रत्याशी
पीसीसी कार्यालय में बैठक के दौरान छतरपुर जिलाध्यक्ष महाप्रसाद पटेल ने बताया कि विधानसभा चुनाव के दौरान आपसी सामंजस्य की कमी है। बताया, संगठन में नियुक्ति हो जाती है, लेकिन प्रभारी को पता तक नहीं होता। सभी को तवज्जो दिए जाने का सुझाव दिया। कहा, लोकसभा के टिकट समय रहते घोषित किए जाएं। सीनियर नेताओं को भी प्रत्याशी बनाया जाना चाहिए। 

5379487