Logo
MP Vidhan Sabha Monsoon Session: मध्य प्रदेश विधानसभा में मानसून सत्र की शुरुआत हंगामेदार रही। कांग्रेस विधायक एप्रिन पहनकर पहुंचे। नर्सिंग घोटाले और पेपर लीक पर नारेबाजी की।

MP Vidhan Sabha Monsoon Session: मध्यप्रदेश विधानसभा में सोमवार 1 जुलाई को बजट सत्र की शुरुआत हंगामेदार रही। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार सहित कांग्रेस के ज्यादातर विधायक एप्रिन पहनकर सदन में पहुंचे। इस दौरान नर्सिंग घोटाले व पेपर लीक मामले पर नारेबाजी भी की। पूर्व सीएम कमलनाथ ने सरकार को वादाखिलाफी पर घेरा। कहा, चुनास से पहले जो वादे किए थे, उनके लिए बजट में प्रावधान किया जाए। सत्र से पहले सीएम मोहन यादव की अध्यक्षता में कैबिनेट बैठक हुई, जिसमें कई प्रस्तावों पर चर्चा हुई। 

विधानसभा का बजट सत्र 19 जुलाई तक चलेगा। इसमें 14 बैठकें होंगी। 3 जुलाई को वित्त मंत्री वर्ष 2024-25 के लिए पूर्ण बजट पेश करेंगे। प्रदेश की खराब वित्तीय स्थिति पर विपक्ष श्वेत पत्र की मांग कर सकता है। 

MP Vidhan Sabha LIve Update 

  •  मंत्री विश्वास सारंग को बर्खास्त करने की मांग
    विधानसभा सत्र स्थगित होने के बाद विपक्षी विधायक गांधी प्रतिमा के पास धरना प्रदर्शन करने लगे। नेता प्रतिपक्ष ने नर्सिंग कॉलेज संचालकों से 300 करोड़ की वसूली का आरोप लगाते हुए चिकित्सा मंत्री विश्वास सारंग को बर्खास्त करने की मांग की है। 
    MP Vidhan Sabha
    MP Vidhan Sabha: विधानसभा सत्र स्थगित होने के बाद विरोध प्रदर्शन करते कांग्रेस MLA
  • नर्सिंग कॉलेज घोटाले पर हंगामा, सदन स्थागित 
    विधानसभा में प्रश्न काल के बाद नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने नर्सिंग घोटाले पर चर्चा की मांग की। इस पर संसदीय कार्य मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा, मामला कोर्ट में विचाराधीन होने की बात कहते हुए चर्चा से इनकार कर दिया। इस पर विपक्षी विधायक हंगामा करने लगे। स्पीकर नरेंद्र सिंह तोमर ने शांति बनाए रखने की अपील की, नहीं माने तो दोपहर 1 बजे के लिए विधानसभा स्थगित कर दी, जिसके बाद विपक्षी विधायक विधानसभा के बाहर गांधी प्रतिमा के  के समक्ष धरना प्रदर्शन करने लगे। 
     
  • कमलनाथ बोले-सरकार ने जो वादे किए उनके लिए बजट में प्रावधान करे
    पूर्व मुख्य मंत्री कमलनाथ ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा, प्रदेश में कौन सा घोटाला नहीं हुआ। सरकार ने जो वादे किए थे, उनके लिए बजट का प्रावधान करे। ताकि, सदन में चर्चा हो सके। 
     
  • जरूरत पड़ी तो स्थगन प्रस्ताव भी लाएंगे: कटारे 
    कांग्रेस विधायक हेमंत कटारे ने कहा, विपक्ष तैयार है। जनता के सभी मुद्दे प्रमुखता से उठाए जाएंगे। सत्ता पक्ष भागने की कोशिश करेगा, लेकिन हम शांत नहीं बैठने वाले। जरूरत पड़ी तो स्थगन प्रस्ताव भी लाएंगे। 
  • एप्रिन पहनकर पहुंचे कांग्रेस MLA 
    मध्य प्रदेश विधानसभा में बजट सत्र की शुरुआत सोमवार को हंगामेदार रही। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार सहित सभी कांग्रेस विधायक नर्सिंग घोटाले व पेपर लीक के स्लोगन लिखी एप्रिन पहनकर सदन में पहुंचे। इन मुद्दों पर नारेबाजी भी की। 
  • जनता से नहीं यह वोट लूटकर बनी सरकार: बरैया 
    दतिया के भांडेर से कांग्रेस विधायक फूल सिंह बरैया ने मीडिया से बात करते हुए कहा, यह वोट लूटकर बनी सरकार है। जनता से चुनकर नहीं आई, इसलिए डरती है। सदन में क्या हो रहा है, प्रदेश की जनता को लाइव दिखाना चाहिए। 
  • भाजपा वालों के यहां नहीं चलते बुलडोजर 
    बरैया ने कहा, कांग्रेस डेमोक्रेटिक पार्टी है, लेकिन भाजपा ईडी, सीबीआई और बुलडोजर के नाम पर लोगों को डराती है। हमारे तीन विधायकों को भी डराकर भाजपा ज्वाइन करा लिया। किसी भाजपा वाले के यहां बुलडोजर क्यों नहीं चलता। 

मानसून सत्र से पहले रविवार को हुई कांग्रेस विधायक दल की बैठक में सरकार को घेरने की विशेष रणनीति बनाई गई। नर्सिंग घोटाला, पेपर लीक, नीट फर्जीवाड़ा, जल जीवन मिशन में भ्रष्टाचार, बढ़ते अपराध व आदिवासी उत्पीड़न जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठाए जाएंगे। 

MP Vidhan Sabha
MP Vidhan Sabha

MLA रामनिवास रावत और निर्मला सप्रे पर हंगामे के आसार 
कांग्रेस विजयपुर विधायक रामनिवास रावत और बीना विधायक निर्मला सप्रे को लेकर भी हंगामा कर सकता है। दलबदल के बाद इन्होंने विधानसभा से इस्तीफा नहीं दिया। ऐसे में कांग्रेस इनकी सदस्यता रद्द करने की मांग कर सकती है। कांग्रेस ने विधायक रामनिवास रावत को कार्यमंत्रणा समिति से हटाकर दतिया विधायक राजेंद्र भारती को सदस्य मनोनीत किया है। 
 

MP Vishan Sabha Session
मप्र विधानसभा में बजट सत्र की शुरुआत में स्पीकर नरेंद्र सिंह तोमार का स्वागत करते सीएम, नेता प्रतिपक्ष व अन्य।

कैबिनेट बैठक में कई प्रस्ताव 
मानसून सत्र के पहले दिन विधानसभा परिसर में ही कैबिनेट बैठक होगी। जिसमें कई अहम प्रस्तावों को मंजूरी मिल सकती है। एंटी पेपर लीक एक्ट के प्रस्तावित ड्राफ्ट को भी मंजूरी मिल सकती है। रविवार को विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से भी मुलाकात की है।  

विधायकों ने पूछे 4287 सवाल
मानसून सत्र में विधायकों ने 4287 सवाल सरकार से पूछे हैं। 2108 सवाल तारांकित और 2179 सवाल अतारांकित हैं। 2386 सवाल ऑनलाइन और 1901 सवाल ऑफलाइन पूछे गए हैं। स्थगन प्रस्ताव 1, अशासकीय संकल्प 27, शून्यकाल की 43 और ध्यानाकर्षण की 163 सूनाएं विधानसभा सचिवालय को मिली हैं। 

बदलेगी बैठक व्यवस्था 
तीन विधायकों के दलबदल के बाद सदन में विपक्षी विधायकों की बैठक व्यवस्था में बदल किया गया है। फ्रंट की चौथी सीट पर रामनिवास रावत के स्थान पर जबलपुर विधायक लखन घनघोरिया बैठेंगे। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के बाद दूसरी सीट पर कमलनाथ और तीसरी पर अजय सिंह बैठेंगे। 

विधायकों को मिलेंगी संविधान की प्रतियां 
बजट सत्र में सभी विधायकों को संविधान की प्रतियां बांटी जाएंगी। इसके लिए विधायकों को चिट्ठी लिखी गई है कि लाइब्रेरी जाकर संविधान की प्रति ले लें। यह प्रति सदन की परंपराओं व कार्यप्रणाली से जुड़ी किताब के साथ दी जा रही है।  

5379487