Logo
मध्यप्रदेश के उज्जैन में रैप सॉन्ग 'गलत करम करे' का विरोध शुरू हो गया है। महाकाल मंदिर के पुजारी और पुजारी महासंघ ने गाने को लेकर आपत्ति जताई है।

भोपाल।  उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर के पुजारी और पुजारी महासंघ ने 'रैप सॉन्ग गलत करम करे...' पर आपत्ति जताई है। 3 मिनट के इस गाने में आपत्तिजनक शब्दों के साथ गालियां हैं। इसके बीच महादेव का नाम भी लिया है। अखिल भारतीय पुजारी महासंघ ने गाने में से महादेव का नाम तुरंत हटाने को कहा है। गाने पर बैन लगाने की मांग की है।  पुजारी महासंघ का कहना है कि बार-बार हिंदू धर्म के ऊपर अश्लील गाने और फिल्म की बातें सामने आती हैं। देवी-देवताओ के नाम पर फिल्म और गाने में अश्लीलता दिखाई जा रही है। 

चेतावनी: गाने से महादेव का नाम हटाएं, नहीं तो प्रदर्शन करेंगे  
पुजारी महासंघ के महासचिव के पुजारी महेश शर्मा ने कहा कि हम प्रधानमंत्री मोदी से मांग करते हैं कि इसके लिए कानून बनाएं। सनातन धर्म के साथ फिल्म और गानों में अश्लीलता दिखाने वालों को सजा मिल सके। चेतावनी देते हुए कहा कि अश्लील गाना लिखने वाला राइटर और सिंगर माफी मांगें। गाने से महादेव का नाम हटाएं। अन्यथा इसके खिलाफ विरोध-प्रदर्शन किया जाएगा। 

यूट्यूब पर 10 नवंबर को रिलीज हुआ था सॉन्ग 
बता दें कि 10 नवंबर को  'रैप सॉन्ग गलत करम करे...' सॉन्ग यूट्यूब पर रिलीज हुआ है। इसे अब तक 3 करोड़ से अधिक लोग देख चुके हैं। गाने में गालियां हैं। बैकग्राउंड में त्रिशूल, डमरू और रुद्राक्ष की माला है। रैपर बादशाह सिंह ने 'सनक' गाने में अपशब्दों के साथ भोलेनाथ का नाम लिया था।

तब भी महाकाल मंदिर के पुजारी, पुरोहित और भक्तों ने आपत्ति जताई थी। 5 दिन बाद बादशाह सिंह ने माफी मांगते हुए भगवान का नाम गाने में से हटा लिया था। इसी तरह 'ओह माय गॉड-2' में भी दिखाई गए दृश्यों पर मंदिर के पुजारियों को आपत्ति थी। इसके बाद फिल्म में से 13 से अधिक शॉट कट कर अक्षय कुमार के किरदार का नाम भी बदला गया था।

5379487