Logo
MP Politics News: जीतू पटवारी के पूर्व मंत्री इमरती देवी को लेकर दिए गए आपत्तिजनक बयान के बाद मध्यप्रदेश में राजनीतिक गरमा गई है। इंदौर में बीजेपी की महिला कार्यकर्ता जीतू के घर पर चूड़ियां लेकर पहुंचीं। बैतूल में पटवारी को काले झंडे दिखाए।

MP Politics News: PCC चीफ जीतू पटवारी के पूर्व मंत्री इमरती देवी को लेकर दिए गए आपत्तिजनक बयान के बाद मध्यप्रदेश में राजनीतिक गरमा गई है। भाजपा ने इसे महिलाओं का अपमान बताते हुए पटवारी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। बीजेपी नेता जीतू पर हमलावर हैं। ​​​​​बैतूल के घोड़ाडोंगरी में भाजपा कार्यकर्ताओं ने पटवारी को काले झंडे दिखाए। इंदौर में बीजेपी की महिला कार्यकर्ता जीतू के घर पर चूड़ियां लेकर पहुंचीं। अन्य जिलों में भी BJP कार्यकर्ता विरोध जता रहे हैं।

जीतू के विवादित बयान पर किसने क्या कहा

  • विधायक अर्चना चिटनीस: जीतू पटवारी अपनी महिला नेत्रियों में भी रस ढूंढते हैं?
  • माया नारोलिया: भाजपा महिला मोर्चा घोर निंदा करती है 

नरेंद्र सलूजा: शर्म आना चाहिये जीतू पटवारी आपको....

दोनों दलों के कार्यकर्ताओं में धक्कामुक्की
जीतू पटवारी घोड़ाडोंगरी में कांग्रेस के लोकसभा प्रत्याशी रामू टेकाम के समर्थन में वोट मांगने पहुंचे थे। यहां बाजार चौक में सभा के बाद पटवारी जब मुलताई के लिए रवाना हो रहे थे, तभी भाजपा कार्यकर्ता उनके खिलाफ नारे लगाने लगे। इस दौरान दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। 

घर के सामने विरोध-प्रदर्शन
जीतू पटवारी के बिजलपुर स्थित निवास पर महिलाओं ने प्रदर्शन किया। उन्हें रोकने के लिए पुलिस ने बेरिकेड लगाए थे, लेकिन उन्हें हटाते हुए महिला कार्यकर्ता बंगले के सामने पहुंच गई और खूब नारेबाजी की। महिलाओं ने जीतू के घर पर चूड़ियां भी फेंकी। काफी देर तक हंगामा और प्रदर्शन हुआ।  

दुर्भाग्य है कि देश में कांग्रेस है 
राज्यमंत्री कृष्णा गौर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कांग्रेस पर हमला बोला है। जीतू पटवारी ने साबित कर दिया कांग्रेस की मानसिकता महिला विरोधी है। इस देश का दुर्भाग्य कि इस देश में कांग्रेस है। कांग्रेस ने बार-बार देश में महिलाओं को अपमानित करने का काम किया है। ऐसे एक नहीं कई उदाहरण हैं। 

कांग्रेस के कई नेताओं ने महिलाओं का अपमान किया 
कृष्णा ने कहा कि राहुल गांधी, दिग्विजय सिंह, कमलनाथ और जीतू पटवारी से लेकर रणदीप सुरजेवाला, सुप्रिया श्रीनेत सहित कई नेताओं ने महिलाओं का अपमान करने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। राहुल गांधी राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ में महिला शक्ति को लेकर भी अमर्यादित टिप्पणी कर चुके हैं। दिग्विजय सिंह ने अपनी ही पार्टी की महिला नेता को टंच माल कहा था और कमनलाथ ने इमरती देवी को आइटम तक कहा था। 

जीतू ने पूरे दलित समाज का अपमान किया है 
रणदीप सुरजेवाला ने तो सांसद हेमा मालिनी पर अशोभनीय टिप्पणी की। सुप्रिया श्रीनेत ने मंडी से भाजपा प्रत्याशी व फिल्म कलाकार कंगना रणौत को लेकर अभ्रद भाषा का उपयोग किया। कांग्रेस में ऐसे एक-दो नहीं, बल्कि अनेक नेताओं की फौज है। जिसने समय-समय पर महिलाओं का अपमान करके निंदनीय काम कर अपनी मानसिकता का परिचय दिया है। जीतू पटवारी ने इमरती देवी ही नहीं पूरे दलित समाज का अपमान किया है। कांग्रेस पार्टी को अपने अपमान के लिए दलित समाज सबक सिखाएगा। 

महिलाएं कांग्रेस को सबक सिखाएगी
भाजपा की राज्यसभा सदस्य कवित पाटीदार ने कहा कि पटवारी ने एक दलित महिला के बारे में अशोभनीय टिप्पणी की। उनका यह बयान कांग्रेस का चरित्र दर्शाता है। पटवारी की महिलावर्ग के प्रति क्या सोच है। यह उनके बयान से पता चल गया। लोकसभा चुनाव  में महिला वर्ग कांग्रेस को इस बात के लिए सबक सिखाएगी।  

विवादित बयान: अब इमरती जी का रस खत्म हो गया है 
बता दें कि पटवारी का एक वीडियो सामने आया है। वीडियो में पटवारी पूर्व मंत्री इमरती देवी को लेकर पूछे गए एक सवाल के जवाब में कह रहे हैं, देखो ऐसा है, अब इमरती जी का रस खत्म हो गया है। जो अंदर चाशनी होती है...उनके लिए अब मैं कुछ बात नहीं कर रहा। हालांकि इस बयान के बाद पटवारी ने इमरती देवी से माफी मांगी और उन्हें अपनी बड़ी बहन जैसी कहा।  

5379487