Logo
Rewa Crime News: मध्यप्रदेश के रीवा में डकैती का मामला सामने आया है। प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड में पदस्थ साइंटिस्ट के घर देर रात छह बदमाश घुसे। गन पॉइंट पर साइंटिस्ट और उनकी पत्नी को बंधक बनाकर पीटा। 6 लाख कैश और जेवर लेकर भाग गए।

Rewa Crime News: प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड में पदस्थ साइंटिस्ट के घर बदमाशों ने धावा बोल दिया। देर रात घर में घुसे छह बदमाशों ने साइंटिस्ट और उनकी पत्नी को बंधक बनाकर पीटा। महिला के साथ दरिंदगी की। हाथ की अंगुलियों को जूतों से मसला। चेहरे और सीने पर जूते मारे। बाल पकड़कर घसीटा। साइंटिस्ट को भी बेरहमी से पीटा। मारपीट के बाद दंपती के हाथ-पैर बांधे। मुंह और आंखों पर टेप चिपकाया। इसके बाद 6 लाख कैश और जेवर समेट भाग गए। वारदात 16 जुलाई की रात रीवा के विश्विद्यालय थाना क्षेत्र की है। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

जानें पूरा मामला 
साइंटिस्ट चंद्रशेखर पटेल (59) और अपनी पत्नी राजकुमारी पटेल (59) के साथ रीवा के विश्वविद्यालय इलाके में रहते हैं। दंपती की दोनों बेटियां भोपाल में रहती हैं। बेटा बीना में नौकरी करता है। 16 जुलाई की रात दो बजे छह बदमाश साइंटिस्ट के घर में घुसे। कुत्ते के भौंकने की आवाज सुनकर राजकुमारी ने दरवाजा खोला ही था कि नकाबपोश बदमाश धक्का देकर घर के अंदर घुसे। महिला कुछ समझ पाती, इसके पहले ही चार नकाबपोशों ने उसे पकड़कर बंधक बना लिया। 50 लाख रुपए करते हुए साइंटिस्ट और उनकी पत्नी को पीटना शुरू कर दिया।  

बेहोश होने तक पीटते रहे
बदमाशों ने दंपती के साथ बर्बरता की। महिला को पीट पीटकर बदमाश पेड़ के नीचे फेंक आए। साइंटिस्ट को हॉल में ले गए और सोफे पर बैठा दिया। साइंटिस्ट की कनपटी पर पिस्टल अड़ाकर 50 लाख की मांग की। नहीं देने पर दोनों को मार देने की धमकी दी। बदमाशों ने पैसों की मांग करते हुए साइंटिस्ट को बेहोश होने तक पीटा। इसके बाद डकैत घर से 6 लाख रुपए कैश और जेवर समेट फरार हो गए। 

पड़ोंसियों की मदद से पुलिस को दी सूचना 
बदमाशों के जाने के बाद महिला ने किसी तरह दांतों से अपने हाथों में बंधे टेप को काटा। पैर खोल लिए। राजकुमारी ने खिड़की से शोर मचाकर पड़ोसियों से मदद मागी। स्थानीय लोगों ने पुलिस की मदद से उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया। चंद्रशेखर पटेल और पत्नी राजकुमारी शासकीय कुशाभाऊ ठाकरे अस्पताल में भर्ती हैं। विश्वविद्यालय थाना पुलिस का कहना है कि डकैती का केस दर्ज किया है। अभी आरोपियों की पहचान नहीं हो सकी है, लेकिन हम जल्द उन तक पहुंच जाएंगे।

5379487