Logo
Imarti Devi on Narottam Mishra: पूर्व मंत्री इमरती देवी डबरा में कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रही थीं। इस दौरान कहा, कुछ लोग पार्टी को मां के समान बताते हैं, लेकिन मौका आने पर उसे ही लात मारते हैं।

Imarti Devi on Narottam Mishra: मध्य प्रदेश लघु उद्योग निगम की अध्यक्ष और पूर्व मंत्री इमरती देवी का मंगलवार को एक बार फिर दर्द छलक आया। ग्वालियर के डबरा में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने न सिर्फ पिछले दो चुनावों में मिली हार की वजह बताई, बल्कि लोकसभा प्रत्याशी बनाए गए पूर्व मंत्री भारत सिंह कुशवाहा को भी अलर्ट रहने की नसीहत दे डाली।

इमरती देवी ने भाजपा प्रत्याशी भारत सिंह को नसीहत देते हुए कहा कि ऐसे लोगों से सावधान रहें, जो मंच पर तो पार्टी को अपनी मां बताते फिरते हैं, लेकिन जरूरत के समय लात मार देते हैं। इमरती देवी ने पार्टी में व्याप्त गुटबाजी का जिक्र करते हुए बताया कि भाजपा से अब तक जो भी लोकसभा चुनाव लड़े हैं, डबरा में उन्हें पराजय ही मिली है। मैं जब कांग्रेस में थी तो 62- 62 हजार वोट से जीतती थी, लेकिन भाजपा में हार रही हूं।

मैं भाजपा को मां कहती, झोली फैलाकर वोट भी मांगूंगी 
दरअसल, इमरती देवी का इशारा पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा की ओर था। पिछले दिनों भी उन्होंने यह कहते हुए उन पर कटाक्ष किया था कि पार्टी में कुछ लोग हैं, जो चुनाव हरवा देते हैं, लेकिन भगवान ने उन्हें भी घर बैठा दिया है। पूर्व मंत्री इमरती देवी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि मैं भाजपा को मां कहकर पुकारती हूं तो उसके लिए झोली फैलाकर वोट भी मांगूंगी।  

इमरती दो बार हार चुकीं चुनाव 
इमरती देवी 2018 में विधायक निर्वाचित होने के बाद कमलनाथ सरकार में मंत्री बनाई गई थीं, लेकिन 2020 में ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ पाला बदल कर भाजपा में चली गईं। इस दौरान हुए उपचुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। भाजपा ने  2023 के विधानसभा चुनाव में भी मौका दिया, लेकिन वह दोबारा चुनाव हार गईं। इमरती देवी इसे पार्टी के सीनियर नेता नरोत्तम मिश्रा पर निशाना साधती रहती हैं।  

5379487