Logo
MP News: मध्यप्रदेश में शुक्रवार को युवा दिवस मनाया गया। सभी जिलों में सूर्य नमस्कार कार्यक्रम हुए। भोपाल में राज्यस्तरीय सामूहिक सूर्य नमस्कार में सीएम मोहन यादव शामिल हुए। सीएम ने कहा कि हम सौभाग्यशाली हैं कि भारत दुनिया का सबसे युवा देश है।

भोपाल। मध्यप्रदेश के सभी जिलों में स्वामी विवेकानंद के जन्मदिन पर शुक्रवार को युवा दिवस मनाया गया। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भोपाल में सूर्य नमस्कार और प्राणायाम किया। सीएम मोहन शिवाजी नगर स्थित सुभाष एक्सीलेंस स्कूल में राज्यस्तरीय सामूहिक सूर्य नमस्कार कार्यक्रम शामिल हुए। सीएम ने कहा कि स्वामी विवेकानंद का जीवन प्रेरणा देने वाला है। हम सौभाग्यशाली हैं कि भारत दुनिया का सबसे युवा देश है। आज से 100 साल पहले स्वामी विवेकानंद ने घोषणा की थी कि 21वीं शताब्दी भारत की होगी। आज हम सब देख रहे हैं भारत चांद और सूर्य तक पहुंच चुका है। 

मध्यप्रदेश में अपार संभावनाएं हैं, सबके प्रयास से प्रदेश नंबर वन बनेगा 
सीएम ने कहा कि जीवन का कौन सा क्षेत्र बचा है जहां भारत का मान-सम्मान नहीं बढ़ा है। पीएम नरेंद्र मोदी अपने हर कदम से युवाओं को रोमांचित करते हैं। अभी हमने लक्षद्वीप में देखा उन्होंने पानी के अंदर स्पोर्ट्स का अनुभव दिखाया। ये हमारे भारत में संभव है। स्वामी विवेकानंद ने कहा, ईश्वर को किसने देखा है? और उसकी खोज में निकल पड़े। फिर काली मां से उनका साक्षात्कार हुआ। ऐसा माना जाता है कि इसके बाद उनका जीवन बदल गया। फिर सीएम ने कहा, समूचे मानव ईश्वर का अवतार हैं। मप्र में अपार संभावनाएं हैं। हम सबके प्रयास से प्रदेश नंबर वन बनेगा।

बाबा महाकाल की नगरी से पांच लड्डू अयोध्या भेज रहे हैं
सीएम मोहन ने कहा कि हम बाबा महाकाल की नगरी से पांच लाख लड्‌डू अयोध्या भेज रहे हैं। ये बाबा महाकाल का प्रसाद है। बाबर ने मंदिर तोड़ा और अब फिर मंदिर बना है तो हम मध्यप्रदेश से कैसे पीछे रह सकते हैं। सीएम ने कहा, अयोध्या जाएं, लेकिन जिसे जो तारीख दी गई है उसी तारीख में जाएं। सीएम के साथ मंत्री राकेश सिंह, सांसद प्रज्ञा ठाकुर, कृष्णा गौर भी मौजूद रहे। 

CM Mohan Yadav
सीएम मोहन यादव ने स्वामी विवेकानंद की तस्वीर पर माल्यार्पण किया।
Surya Namaskar
शिवाजी नगर स्थित सुभाष एक्सीलेंस स्कूल में सूर्य नमस्कार करते स्कूली बच्चे और अन्य।

मध्यप्रदेश गान का सामूहिक गायन हुआ
सूर्य नमस्कार सुबह 9 बजे से 10.30 बजे तक चला। सूर्य नमस्कार कार्यक्रम में पहली से पांचवीं तक के बच्चों को शामिल नहीं किया गया। कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा के साथ उच्च शिक्षा, जनजातीय कार्य, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, नगरीय विकास, वन, खेल एवं युवा कल्याण, सहकारिता, तकनीकी शिक्षा, लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की सहभागिता रही।   कार्यक्रम में राष्ट्रीय गीत वंदे-मातरम और मध्यप्रदेश गान का सामूहिक गायन हुआ। रेडियो के माध्यम से मुख्यमंत्री के संदेश का प्रसारण किया गया। 

5379487