Logo
Ayodhya Ram Mandir: उज्जैन के श्री महाकालेश्वर मंदिर के मुख्य पुजारी पंडित घनश्याम शर्मा को रामलला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह का आमंत्रण मिल गया है। गुरुवार को पुजारी शर्मा भस्म, शंख और चांदी के बिल्व पत्र लेकर जाएंगे अयोध्या के लिए रवाना होंगे।

भोपाल। उज्जैन के श्री महाकालेश्वर मंदिर के मुख्य पुजारी पंडित घनश्याम शर्मा को रामलला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह का आमंत्रण मिल गया है। गुरुवार शाम को पुजारी अयोध्या के लिए रवाना होंगे। घनश्याम विशेष रथनुमा वाहन से अयोध्या जाएंगे। बता दें कि तीन दिन पहले ही राम लला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह का आमंत्रण मिल गया था। घनश्याम अपने साथ महाकाल मंदिर से भस्म, शंख और चांदी के बिल्व पत्र लेकर जाएंगे और राम मंदिर में अर्पित करेंगे। शंख से भगवान राम का पूजन-स्नान होगा। पं. शर्मा ने बताया कि भगवान विष्णु का स्नान और पूजन शंख से होता है। भगवान विष्णु को शंख, चक्र, गदा, पदम प्रिय हैं। भगवान शिव को त्रिशूल प्रिय है।  

आमंत्रण नहीं मिलने पर पीएम को लिखा था पत्र
जानकारी के मुताबिक, अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा समारोह का आमंत्रण नहीं मिलने पर अखिल भारतीय पुजारी महासंघ की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा गया था। 9 जनवरी को लिखे गए पत्र में कहा था कि प्राण प्रतिष्ठा में देश के संतों, महंतों, पीठाधीश्वर और धर्माचार्यों समेत 4 हजार लोगों को आमंत्रित किया गया है। ऐसे में देश के प्रसिद्ध मंदिरों के पुजारियों को भी आमंत्रित करना चाहिए। पुजारी महासंघ ने PM के अलावा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव और श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय को पत्र लिखकर यह अनुरोध किया था। 

महाकाल मंदिर में छह दिन तक मनाया जाएगा उत्सव 
अयोध्या में भगवान रामलला की प्राण प्रतिष्ठा का उत्सव महाकालेश्वर मंदिर के आंगन में मनाया जा रहा है। 17 जनवरी से उत्सव की शुरुआत हो गई है। 22 जनवरी तक यानी छह दिन रामधुन, भजन होंगे। 22 को सुबह अनुष्ठान, लाइव प्रसारण, प्रसाद वितरण के साथ संध्या को दीपोत्सव और आतिशबाजी के नजारे देखने को मिलेंगे। महाकाल लोक में भी भजनों के स्वर सुनाई देंगे। अयोध्या में भगवान राम की प्राण प्रतिष्ठा के समय दोपहर 12 बजे से शयन आरती तक महाकाल मंदिर में आने वाले दर्शनार्थियों को हलवा प्रसाद का वितरण किया जाएगा। मंदिर परिसर में एलईडी लगाकर भक्तों को अयोध्या में होने वाले प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लाइव दिखाया जाएगा। महालोक में संध्या के समय सांस्कृतिक आयोजन और रांगोली बनाई जाएगी।  

5379487