Logo
ज्योतिरादित्य सिंधिया का अनोखा अंदाज देखकर सब हैरान रह गए। ग्वालियर के फूलबाग मैदान में मंत्री ने पत्थर के सात पिट्‌ठू (गोटियां) सजी देखीं तो खुद को रोक नहीं पाए। मंत्री ने बॉल से पिट्ठू पर निशाना साधा, दो बार चूके लेकिन तीसरी बार में पत्थर भरभराकर गिरे।

भोपाल। केंद्रीय नागरिक विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का अनोखा अंदाज देखने को मिला। शनिवार को मंत्री सिंधिया देशी खेल पिट्‌ठू खेलते नजर आए। मैदान में मंत्री ने पत्थर के सात पिट्‌ठू (गोटियां) सजी देखीं तो खेले बिना रह नहीं पाए। केंद्रीय मंत्री ने पिट्ठू को गिराने के लिए तीन बार गेंद मारी। पहले दो निशाने सटीक नहीं लगे, लेकिन तीसरा थ्रो सीधे पिट्‌ठू पर जाकर लगा और सितोलिया गिर गईं। इसके बाद सिंधिया ने शोर मचाते हुए बच्चों की तरह खुशी मनाई और कहा कि अर्जुन की तरह लक्ष्य निर्धारित करने और उसे साधने की सीख भी खेल से ही मिलती है। ग्वालियर के फूलबाग मैदान पर सिंधिया का यह रूप देखकर सभी आश्चर्यचकित रहे गए हैं।

मंत्री ने खिलाड़ियों का बढ़ाया मनोबल 
बता दें कि केंद्रीय मंत्री ने ज्योतिरादित्य सिंधिया पांच दिवसीय ग्वालियर-चंबल अंचल के प्रवास पर हैं। शनिवार दोपहर 12 बजे मंत्री दिल्ली से ग्वालियर पहुंचे। दोपहर को फूलबाग मैदान पर जिला स्तरीय सांसद खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। मंच से खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया और उनको बताया कि भाजपा सरकार खेल और खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए क्या-क्या योजनाएं चला रही है। युवाओं को खेल में आगे बढ़ाने में मध्यप्रदेश सरकार भी सबसे आगे है।

तीसरी बार में सही निशाना लगा पाए मंत्री
मंच से उतरने के बाद मंत्री सिंधिया ने देखा कि जमीन पर एक जगह गोल घेरे में पत्थर की सात गोटियां सजाकर रखीं हुई हैं। उससे पांच कदम की दूरी पर दोनों तरफ लाइन सफेद चूना से मार्किंग की गई थी। इसको देखकर मंत्री काफी रोमांचित नजर आए। मंत्री ने पूछा यह क्या है तो वहां आयोजकों ने बताया कि यह "सितोलिया' खेल है। यह देसी और गांव देहात का खेल है। इस पर सिंधिया ने भी खेलने की इच्छा जताई। मंत्री सिंधिया पिट्ठू आए तो उन्होंने पत्थर के पिट्ठू (गोटियों) में बॉल मारी, लेकिन पहला निशाना चूक गया। इसके बाद सिंधिया ने बॉल उठाकर पिट्ठू में मारी, लेकिन इस बार भी निशाना चूक गया। तीसरी बार सिंधिया ने पक्का निशाना लगाया और सफल हुए।

5379487