Logo
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने मध्यप्रदेश को 10,405 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात दी। केंद्रीय मंत्री ने पहले जबलपुर में 2,327 करोड़ और भोपाल में 8,038 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।

भोपाल। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने मध्यप्रदेश को 10,405 करोड़ की सड़क परियोजनाओं की सौगात दी है। केंद्रीय मंत्री जबलपुर के बाद भोपाल पहुंचे। लाल परेड ग्राउंड पर आयोजित कार्यक्रम में गडकरी और सीएम मोहन यादव ने सिंगल क्लिक से 8,038 करोड़ की लागत से 498 किलोमीटर लंबाई वाली 15 सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास किया। मंत्री ने कहा कि 2024 तक मध्यप्रदेश का नेशनल हाईवे रोड नेटवर्क अमेरिका के बराबर होगा।

भोपाल: MP में नेशनल हाईवे का रोड नेटवर्क काफी अच्छा हो रहा है
मध्यप्रदेश की तस्वीर बहुत बदल रही है। मैं नागपुर से हूं, पहले पहले लोग मजाक में कहते थे कि नागपुर के हवाई अड्डे पर उतरने के बाद जब मध्यप्रदेश की तरफ जाते थे। नागपुर के रोड पर नींद लग जाती थी। जैसे ही मध्यप्रदेश लगता था, नींद खुल जाती थी। मंत्री ने कहा कि आज मध्यप्रदेश का नेशनल हाईवे का रोड नेटवर्क काफी अच्छा हो रहा है। हम 3 लाख करोड़ रुपए के कार्य 2024 पूरा होने तक समाप्त करेंगे या शुरू करेंगे। मैं आप सबको ये विश्वास दिलाना चाहता हूं कि 2024 जब समाप्त होगा तो मध्यप्रदेश का नेशनल हाईवे का रोड नेटवर्क अमेरिका के बराबर होगा।

50 हजार करोड़ के  ग्रीन एक्सप्रेस हाईवे मध्यप्रदेश में बना रहे 
भोपाल झीलों का शहर है। मेरा अनुरोध है, ये झील के ऊपर रोप वे, केबल कार, स्काई बस चल सकती है। आप जरूर इसके बारे में प्रस्ताव भेजिए। निश्चित रूप से भारत सरकार की ओर से हम इसके लिए जरूर मदद करेंगे। और एक जरूरी बात है। जो 27 प्रोपजल मध्यप्रदेश के हैं, उनके सब के ऊपर हम काम कर रहे हैं। जल्द से जल्द टेंडर निकालेंगे। सबसे महत्वपूर्ण बात है हम 50 हजार करोड़ के ग्रीन एक्सप्रेस हाईवे मध्यप्रदेश में बना रहे हैं। अब हम रोप वे, केबल कार पर काम कर रहे हैं। मध्यप्रदेश में 7234 करोड़ की लागत से 27 रोप वे निर्माण करने का निर्णय किया है। उज्जैन रेलवे स्टेशन से महाकाल मंदिर तक 171 करोड़ की लागत से करीब 2 किलोमीटर लंबे रोप वे का टेंडर फरवरी में निकल जाएगा।  

जबलपुर: 2327 करोड़ के विकास कार्यों की दी सौगात 
जबलपुर के वेटरनरी कॉलेज ग्राउंड पर आयोजित कार्यक्रम में 2,327 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास करने के बाद मंत्री नितिन गडकरी  सभा को संबोधित किया। मंत्री ने कहा कि मैं आपको वचन देता हूं कि अगले 10 साल में मध्यप्रदेश में तीन लाख करोड़ के काम करेंगे। मप्र में कोयला है। कोयले से मिथेनॉल बनाइए। इससे वाहन चलेंगे। इंपोर्ट इफेक्टिव, पॉलूशन फ्री पॉलिसी राज्य सरकार की होगी तो हमारी ओर से कई काम होंगे। आने वाले दिनों में मप्र पहले तीन प्रगतिशील राज्य में आएगा। मध्यप्रदेश की तस्वीर बदलेंगे।

Mohan Yadav welcomed Nitin Gadkari

जब तक मजदूर और किसान समृद्ध नहीं बनेंगे, विकास नहीं होगा
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि जब मैं भाजपा अध्यक्ष था तब भारत सरकार ने मप्र को कृषि विकास का अवॉर्ड शिवराज सिंह को दिया था, इसकी मुझे खुशी है। मैं किसान हूं। मप्र कृषि में अग्रणी है। किसानों के लिए काम करता हूं। जब तक गांव, गरीब, मजदूर और किसान समृद्ध नहीं बनेंगे, तब तक देश का विकास नहीं होगा।

अच्छी सड़क और रिसॉर्ट से पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी 
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि विकास के लिए चार चीजें जरूरी हैं। मोटर, पावर, ट्रांसपोर्ट और कम्यूनिकेशन। अमेरिका धनवान है, इसके कारण वहां के रास्ते अच्छे नहीं हुए, बल्कि वहां के रास्ते अच्छे हैं इसलिए अमेरिका धनवान है। हम सड़कें इसीलिए बना रहे हैं। इससे टूरिज्म बढ़ेगा और व्यापार बढ़ेगा। अच्छी सड़क और रिसॉर्ट से पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी। इससे प्रति व्यक्ति आय भी बढ़ेगी।

5379487