Logo
Madhya Pradesh Today Weather News: एमपी में शीतलहर की वजह से ठिठुरन जारी है। मौसम विभाग ने अगले 2 दिनों में ठंड बढ़ने का अनुमान जताया है। एमपी का हिल स्टेशन पचमढ़ी रात में सबसे ठंडी रही।

Madhya Pradesh Today Weather News: मध्यप्रदेश में दिन में राहत और रात में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। प्रदेश के कई जिलों में रात का पारा 10 डिग्री से कम रहा। तीन जिलों में तो तापमान पांच डिग्री से नीचे रहा। पिछले 24 घंटे में रात का तापमान 1 से 6.6 डिग्री तक गिरा है। पचमढ़ी प्रदेश में सबसे ज्यादा सर्द रहा। यहां रात को 3.0 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। 

न्यूनतम तापमान 10° से कम
इसके अलावा कई शहरों में शीतलहर का असर भी देखने को मिला। खजुराहो में न्यूनतम पारा 3.4, नौगांव में 4.5, उमरिया में 4.9, दतिया और राजगढ़ में 5.0 डिग्री रहा। नरसिंहपुर में 10.6°, नर्मदापुरम में 10.6°, टीकमगढ़ में 10°को छोड़ प्रदेश के सभी शहरों में न्यूनतम तापमान 10° से नीचे रिकॉर्ड हुआ।

26 जनवरी के बाद फिर पड़ेगी तेज ठंड
मौसम वैज्ञानिक का कहना है कि अगले 3 दिन तक प्रदेश में  कड़ाके की ठंड का दौर जारी रहेगा। इसके बाद ठंड से थोड़ी राहत मिलेगी। 25 जनवरी से उत्तर भारत में दो पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हो रहे हैं। 27 जनवरी से इसका असर प्रदेश में भी दिखेगा। हालांकि, 25 और 26 जनवरी से महाकौशल और ग्वालियर-चंबल संभागों में हल्की बारिश भी हो सकती है।

जानिए पिछले 24 घंटों का मौसम
मध्य प्रदेश के पिछले 24 घंटे पहले के मौसम की बात करें तो  ग्वालियर-पचमढ़ी सबसे ठंडे रहे। यहां दिन का तापमान 20 डिग्री के नीचे रहा। भोपाल, इंदौर, उज्जैन और जबलपुर में सर्द हवाएं चलती रही। गुरुवार को भी ऐसा ही मौसम रहेगा।  छतरपुर, खरगोन, खंडवा और सिवनीमें कोल्ड-डे रहने की स्थिति है।

5379487